सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने कारोबार की शुरुआत तो शानदार तेजी के साथ की, लेकिन निवेशकों की खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी। बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों में सेंसेक्स और निफ्टी की चाल अचानक बदल गई। सेंसेक्स पहले 700 अंकों से ज्यादा उछला और फिर करीब 658 अंक तक फिसल गया। भारतीय बाजार में आई इस उठापटक के पीछे अमेरिका और एशियाई बाजारों में मची बिकवाली का असर भी नजर आया।
तेजी के साथ खुला बाजार, फिर अचानक आई गिरावट
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन BSE Sensex और NSE Nifty दोनों ने बढ़त के साथ कारोबार शुरू किया। सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 83,919 के मुकाबले 84,421 पर खुला। शुरुआती कारोबार में खरीदारी बढ़ी तो यह 743 अंक उछलकर 84,662 के स्तर तक पहुंच गया।लेकिन इसके बाद बाजार में अचानक बिकवाली हावी हो गई। कुछ ही मिनटों में सेंसेक्स अपनी बढ़त गंवाकर नीचे आने लगा और 658 अंक तक टूटते हुए 83,210 के स्तर पर पहुंच गया।निफ्टी का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। पिछले कारोबारी सत्र में 25,800 पर बंद हुआ यह इंडेक्स सोमवार को 25,929 पर खुला। शुरुआती तेजी के बीच निफ्टी 25,992 के करीब पहुंच गया, लेकिन इसके बाद इसमें भी तेज गिरावट देखने को मिली। यह फिसलकर 25,567 के स्तर पर आ गया।
जापान से कोरिया तक शेयर बाजारों में बिकवाली
भारतीय बाजार में अचानक आई इस गिरावट के पीछे वैश्विक बाजारों के कमजोर संकेतों को भी अहम माना जा रहा है। कारोबार शुरू होने से पहले GIFT Nifty करीब 150 अंकों की बढ़त के साथ मजबूती का संकेत दे रहा था। इसी का असर भारतीय बाजार की शुरुआती तेजी में दिखाई दिया।
हालांकि, एशियाई बाजारों में बिकवाली ने तस्वीर बदल दी। जापान का Nikkei इंडेक्स 3,000 अंकों से ज्यादा टूट गया और इसमें 5 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।वहीं हांगकांग का Hang Seng इंडेक्स करीब 1 फीसदी यानी 150 अंकों से ज्यादा नीचे कारोबार करता दिखा। दक्षिण कोरिया के KOSPI इंडेक्स में भी करीब 160 अंक यानी 3.20 फीसदी की गिरावट आई। ब्रिटेन के शेयर बाजार में भी 1 फीसदी से ज्यादा की कमजोरी देखने को मिली।
निवेशकों की नजर अब बाजार की अगली चाल पर
अमेरिकी बाजारों में पहले से जारी कमजोरी और एशियाई बाजारों में बिकवाली का दबाव भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया। शुरुआती तेजी के बाद आई इस तेज गिरावट ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है।अब बाजार की आगे की दिशा काफी हद तक वैश्विक संकेतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और घरेलू स्तर पर खरीदारी की स्थिति पर निर्भर करेगी।