प्रमोद शर्मा, हापुड़: जनपद हापुड़ के परिवहन विभाग को आखिरकार करीब डेढ़ दशक बाद अपना आशियाना मिल गया। 13 वर्षों से किराये के भवन में संचालित हो रहे उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) को अब अपना नवनिर्मित भवन मिल गया है। शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने ग्राम दादरी, मेरठ रोड स्थित नवनिर्मित एआरटीओ कार्यालय का विधिवत लोकार्पण किया। इस सौगात के साथ ही जिले के लोगों को परिवहन संबंधी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।
लंबे समय से हापुड़ का एआरटीओ कार्यालय मेरठ रोड पर दीप उत्सव मंडप के निकट किराये के भवन में संचालित हो रहा था। अपना भवन नहीं होने के चलते विभाग को किराये के परिसर में ही कामकाज करना पड़ रहा था। अब दादरी में तैयार नए कार्यालय भवन से विभागीय कामकाज को व्यवस्थित करने और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता खुला है।
नए कार्यालय के शुरू होने से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट तथा परिवहन विभाग से जुड़े अन्य कार्यों के लिए पहुंचने वाले लोगों को सुविधाजनक व्यवस्था मिलने की उम्मीद है। हालांकि वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब कार्यालय में पर्याप्त संसाधन, सुचारु काउंटर व्यवस्था और समयबद्ध जनसुनवाई सुनिश्चित होगी।
लोकार्पण समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती कविता माधरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा नागर, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश राणा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं परिवहन विभाग की ओर से उप परिवहन आयुक्त मेरठ परिक्षेत्र हरिशंकर सिंह, उप परिवहन आयुक्त कमल गुप्ता, आरटीओ प्रशासन गाजियाबाद प्रमोद कुमार सिंह, आरटीओ मुरादाबाद राजेश सिंह, आरटीओ प्रवर्तन सियाराम वर्मा, आरटीओ प्रशासन सहारनपुर मनोज सिंह तथा आरटीओ प्रवर्तन मेरठ अंबरीश कुमार ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
हापुड़ की एआरटीओ प्रशासन छवि सिंह चौहान, एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे, यात्री एवं मालकर अधिकारी प्रीति पाण्डेय सहित कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। करीब 13 वर्षों के किराये के सफर के बाद अपना भवन मिलने से परिवहन विभाग के कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। अब जिलेवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नए भवन में मिलने वाली सुविधाएं आम जनता की परेशानियां कितनी कम करती हैं।