मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले में मारे गए ब्रिटिश कारोबारी एंड्रियास लिवेरास की जिंदगी अब एक किताब के जरिए सामने आएगी, उनकी पोती तान्या लिवेरास कैंडी ने अपने दादा की जिंदगी और संघर्ष पर 'द विजन: वन मैन्स एक्स्ट्राऑर्डिनरी लाइफ एंड द सीज दैट शुक द वर्ल्ड' नाम से किताब लिखी है । यह किताब 23 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली है।
किताब का प्रकाशन 26/11 हमले की 18वीं बरसी से ठीक पहले हो रहा है । एंड्रियास लिवेरास को 26/11 हमले में मारे गए एकमात्र ब्रिटिश नागरिक के रूप में जाना जाता है। हमले के दौरान वह मुंबई के ताज महल पैलेस होटल में मौजूद थे। वह अपने सुपरयॉट के क्रू सदस्यों के साथ होटल के एक रेस्तरां में गए थे, तभी आतंकियों ने हमला कर दिया।
साइप्रस से लंदन और फिर सुपरयॉट कारोबार तक का सफर
किताब में एंड्रियास के शुरुआती संघर्ष से लेकर कारोबारी सफलता तक की कहानी बताई गई है, वह साइप्रस के एक किसान परिवार में पैदा हुए थे। बेहतर भविष्य की तलाश में लंदन पहुंचे और शुरुआत में बेकरी से जुड़े काम में डिलीवरी ड्राइवर के रूप में नौकरी की । धीरे-धीरे उन्होंने अपना कारोबार खड़ा किया और एक बड़ी केक कंपनी बनाई। इससे अच्छी कमाई करने के बाद उन्होंने सुपरयॉट के कारोबार में कदम रखा, इस क्षेत्र में उन्हें नई सोच और प्रयोगों के लिए जाना गया। उन्होंने बड़े सुपरयॉट में स्पा जैसी सुविधाएं शुरू करने में भी पहल की थी।
निजी दुख से शुरू हुआ किताब लिखने का सफर
तान्या के मुताबिक किताब लिखने का विचार उनके निजी जीवन में आए एक दुखद अनुभव के बाद आया, मुश्किल प्रसव के दौरान उन्होंने अपने जुड़वां बच्चों में से एक को खो दिया था। इस दुख से उबरने के लिए उन्होंने लिखना शुरू किया, इसी प्रक्रिया में उन्हें अपने दादा की जिंदगी को विस्तार से दर्ज करने का विचार आया।
किताब तैयार करने के लिए उन्होंने परिवार के पुराने दस्तावेजों, हमले में जीवित बचे लोगों की गवाही, इंटरव्यू और ऐतिहासिक रिकॉर्ड का सहारा लिया है। इसमें एंड्रियास के जीवन के साथ-साथ ताज होटल में हमले की रात की घटनाओं को भी शामिल किया गया है ।
तान्या का कहना है कि वह चाहती हैं कि लोग उनके दादा को सिर्फ 26/11 हमले के एक पीड़ित के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे कारोबारी के रूप में भी जानें, जिन्होंने साधारण शुरुआत से अपनी अलग पहचान बनाई ।उन्होंने उम्मीद जताई कि यह किताब लोगों को एक-दूसरे का साथ देने, आपसी सहयोग बढ़ाने और शांति के साथ रहने का संदेश देगी।