उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दो बाघों के आपसी संघर्ष में एक बाघ की मौत हो गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े छह बजे खितौली परिक्षेत्र की पश्चिम बगदरी बीट स्थित ढमढमा कैंप के सुरक्षा श्रमिकों ने बाघों के लड़ने की आवाज सुनी थी। इसके बाद गश्ती दल द्वारा ढमढमा क्षेत्र में सघन छानबीन की गई, जहां एक बाघ मृत अवस्था में मिला। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दूर से किए गए प्राथमिक परीक्षण में प्रथम दृष्टया बाघ की मौत आपसी संघर्ष के कारण होना पाया गया है।
घटना ने फिर खड़े किए कई सवाल
घटना के बाद क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है। जांच के लिए हाथी गश्ती दल, डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर टीम को भी लगाया गया है। वन विभाग का कहना है कि आगे की कार्रवाई राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की गाइडलाइन और एसओपी के तहत की जा रही है। बांधवगढ़ में लगातार सामने आ रही बाघों की मौत की घटनाओं ने एक बार फिर टाइगर संरक्षण और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग भी उठने लगी है।