भिंड-ग्वालियर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 8 मजदूरों की मौत; 32 घायल
भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। छीमका गांव के पास मवेशियों को बचाने की कोशिश में मजदूरों से भरी पिकअप सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई। हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं।हादसा रात करीब एक बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर गायों का झुंड बैठा था। पिकअप चालक ने उन्हें बचाने के लिए वाहन मोड़ा, इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में बैठे कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
धान की रोपाई के बाद घर लौट रहे थे मजदूर
पिकअप में सवार मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे। वे मध्य प्रदेश में धान की रोपाई के लिए आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर वापस अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।देर रात हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें गोहद अस्पताल ले जाया गया।
गंभीर घायलों को ग्वालियर भेजा गया
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों को ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शव मोर्चरी में रखे गए हैं। पुलिस उनकी पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।फिलहाल शुरुआती जांच में हादसे की वजह हाईवे पर बैठे मवेशियों को बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और दोनों वाहनों की स्थिति की भी पड़ताल कर रही है।