राजधानी भोपाल के पॉश इलाके चार इमली में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक आईपीएस अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका 11वीं कक्षा की छात्रा थी और अपने परिवार के साथ रहती थी।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी
हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
मोबाइल और सोशल मीडिया की जांच
पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उसके कॉल रिकॉर्ड, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, साइबर सेल की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थी और क्या किसी तरह का मानसिक दबाव या तनाव मौजूद था।
दोस्तों और स्कूल से पूछताछ की तैयारी
पुलिस अब छात्रा के दोस्तों और सहपाठियों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। हाल ही में नई कक्षा में जाने के कारण पढ़ाई के दबाव और मानसिक स्थिति के एंगल को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस इस मामले को हर संभावित एंगल से देख रही है। फिलहाल परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।