भोपाल। स्थानीय कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री के बीच कनेक्शन मजबूत करने के उद्देश्य से कोलार स्थित चाइना टेरेस में आर्टिस्ट मीट का आयोजन किया गया। ANY TIME INDIA ORIGINAL के बैनर तले हुए इस कार्यक्रम में दिल्ली, मुंबई, पंजाब, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से फिल्म व वेब सीरीज से जुड़े कलाकार और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए।कार्यक्रम में दिल्ली से पहुंचे फिल्म एवं टीवी अभिनेता-निर्देशक जे.के. तंवर मुख्य अतिथि रहे। अभिनेता-निर्देशक एवं रंगकर्मी सुनील सोन्हिया और वेब सीरीज निर्देशक विजय तिवारी विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

पंजाबी गायक हरलीन सिंह की प्रस्तुति रही खास
आर्टिस्ट मीट का खास आकर्षण पंजाबी गायक हरलीन सिंह रहे। उन्होंने अपने चर्चित गीत ‘लिहाज़’ की प्रस्तुति दी, जिस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाईं।वहीं, लेखक-निर्देशक विजय तिवारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। आयोजकों के मुताबिक, उनकी तीन वेब सीरीज MX Player, Hungama Play समेत पांच OTT प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रही हैं।
स्थानीय कलाकारों को फिल्मों और वेब सीरीज में अवसर देने पर चर्चा

आयोजन का मुख्य उद्देश्य भोपाल और मध्य प्रदेश के कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर के फिल्मकारों, निर्देशकों और क्रिएटिव एक्सपर्ट्स से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान निर्देशकों और निर्माताओं ने स्थानीय कलाकारों व तकनीकी विशेषज्ञों से मुलाकात की।भविष्य में भोपाल में फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान स्थानीय प्रतिभाओं को मौका देने और उनके चयन को लेकर भी चर्चा हुई। इससे कलाकारों को अपने काम को राष्ट्रीय स्तर के फिल्म और मनोरंजन उद्योग से जोड़ने का अवसर मिला।
अभिनय के साथ तकनीकी क्षेत्रों की प्रतिभाओं पर भी फोकस
ANY TIME INDIA ORIGINAL के संस्थापक प्रभात तिवारी ने बताया कि आर्टिस्ट मीट को सिर्फ अभिनेताओं तक सीमित नहीं रखा गया। इसमें गायन, सिनेमेटोग्राफी, कोरियोग्राफी, एडिटिंग, मेकअप और फिल्म निर्माण से जुड़े दूसरे क्षेत्रों के प्रतिभागियों को भी जोड़ा गया।उनका कहना है कि भोपाल और मध्य प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मंच और इंडस्ट्री से जुड़ने के अवसर देने की है।
गीत-संगीत के साथ कलाकारों का सम्मान
कार्यक्रम के समापन पर गीत-संगीत की प्रस्तुतियां हुईं। इसके साथ ही मनोरंजन और रचनात्मक क्षेत्र में योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।आयोजकों ने आर्टिस्ट मीट को भोपाल के स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय फिल्म और मनोरंजन उद्योग से जोड़ने की दिशा में एक पहल बताया। इससे आने वाले समय में शहर में फिल्मों और वेब सीरीज के प्रोजेक्ट्स के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिलने की उम्मीद है।