रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं रहेगी। राज्य सरकार ने जनजातीय गौरव दिवस के लिए 8 दिन का कार्यक्रम तैयार किया है। बिरसा मुंडा जयंती का यह उत्सव 11 नवंबर से शुरू होकर 18 नवंबर तक चलेगा। वहीं, 15 नवंबर को मुख्य दिन के तौर पर बड़ा समारोह होगा।
धरमजयगढ़ बनेगा उत्सव का केंद्र
रायगढ़ जिले का धरमजयगढ़ इस पूरे आयोजन का सबसे बड़ा केंद्र रहेगा। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह यहीं 25 नवंबर को होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नबीन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके साथ छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी मौजूद रहेंगी। प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं।
लोकनृत्य से चित्रकला तक दिखेगी आदिवास संस्कृति
आयोजन सिर्फ औपचारिक भाषणों तक सीमित नहीं रखा गया है। जनजातीय समाज की परंपरा, कला और विरासत इसके केंद्र में रहेगी। लोकनृत्य, लोकगायन और चित्रकला की प्रतियोगिताएँ होंगी। इनसे आदिवासी संस्कृति की विविधता लोगों के सामने आएगी। कार्यक्रमों में आदिवासी समाज के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को भी याद किया जाएगा। बिरसा मुंडा के साथ वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि दी जाएगी। वीर गुंडाधुर के संघर्ष और बलिदान की कहानी भी बताई जाएगी।
सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगेगी
धरमजयगढ़ के आयोजन स्थल पर एक बड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें अलग-अलग विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी रखेंगे। मकसद है कि आम लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे। खासकर जनजातीय इलाकों में चल रहे विकास कार्यों की।
सभी 32 जिलों में होंगे आयोजन
मुख्य आयोजन के बाद भी सिलसिला नहीं थमेगा। 16 से 18 नवंबर तक प्रदेश के सभी 32 जिला मुख्यालयों में विशेष कार्यक्रम होंगे। तय रूपरेखा के मुताबिक 16 नवंबर को दीप प्रज्जवलन होगा। 17 नवंबर को युवाओं के लिए छात्रवृत्ति शिविर लगेगा। 18 नवंबर को पूरे प्रदेश में पौधरोपण होगा।
जिले में मुख्य अतिथि बनने वाले नेता
जिला स्तर के आयोजनों में सरकार के बड़े चेहरे शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू रायपुर के आयोजन में मौजूद रहेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव कोरबा में और विजय शर्मा बालोद के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस बार एक दिन जगह पूरे 8 दिन यह उत्सव मनाया जाएगा।