उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संकेत देते हुए साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक साक्षात्कार में यह बात स्पष्ट की कि जब योगी आदित्यनाथ पहले से मुख्यमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में सरकार चल रही है, तो स्वाभाविक रूप से वही पार्टी का चेहरा होंगे।
विकास और कानून व्यवस्था को बनाया आधार
नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर बात करते हुए कहा कि राज्य ने बीते वर्षों में अपनी छवि बदली है। उन्होंने कहा कि पहले जहां प्रदेश अपराध और वसूली के लिए जाना जाता था, वहीं अब बेहतर कानून व्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पहचाना जा रहा है।उन्होंने एक्सप्रेसवे, निवेश और बड़े विकास प्रोजेक्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका असर जमीन पर दिख रहा है और जनता को इसका लाभ मिल रहा है।
तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य
भाजपा ने 2027 के चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य रखा है। पार्टी का मानना है कि विकास कार्यों, इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था के आधार पर उसे जनता का समर्थन मिलेगा।नितिन नवीन के अनुसार, योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता और उनके नेतृत्व में लागू शासन मॉडल भाजपा के लिए बड़ा चुनावी आधार बनेगा।
विपक्ष के लिए स्पष्ट संदेश
भाजपा के इस ऐलान को विपक्ष के लिए भी एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे चुनावी मुकाबला काफी हद तक “योगी बनाम बाकी” की स्थिति में जा सकता है।पार्टी नेतृत्व ने यह भी संकेत दिया है कि चुनावी रणनीति पूरी तरह मुख्यमंत्री के चेहरे और सरकार के कामकाज के प्रदर्शन पर केंद्रित रहेगी।