Chhattisgarh Foundation Day history And Heritage

Chhattisgarh Foundation Story: &quotमैं छत्तीसगढ़ हूँ...&quot, सदियों के राजवंश और 1 नवंबर 2000 की नई पहचान की कहानी

1 नवंबर 2000 को बना छत्तीसगढ़ सिर्फ धान का कटोरा नहीं है। दक्षिण कोसल से राज्य बनने तक राजवंशों,संघर्ष, मंदिरों और खनिज संपदा की पूरी कहानी पढ़िए।<br/>

By : संजय चतुर्वेदी
Chhattisgarh Foundation Story: &quotमैं छत्तीसगढ़ हूँ...&quot, सदियों के राजवंश और 1 नवंबर 2000 की नई पहचान की कहानी

Chhattisgarh News

रायपुर। मैं छत्तीसगढ़ हूं... लोग मुझे धान का कटोरा कहते हैं, घने जंगल और खनिज संपदा से जोड़कर देखते हैं। पर मेरी पहचान बस इतनी नहीं है। मेरी मिट्टी में इतिहास की अनगिनत कहानियाँ दबी हैं। मैंने राजाओं का उठना और साम्राज्यों का गिरना भी देखा है। मेरे जंगलों में संघर्ष की गूंज रही है तो मेरी धरती पर मंदिरों और स्थापत्य कला कने सभ्यता पर अमिट छाप छोड़ी है। प्राचीन दक्षिण कोसल से आज एक अहम राज्य तक की मेरी यात्रा विरासत, वीरता और विकास की अनूठी गाथा है।

36 गढ़ों से बनी मेरी पहचान

प्रदेश के नाम के पीछे इतिहास की एक दिलचस्प कहानी है। माना जाता है कि इस इलाके में 36 किले या गढ़ थे। इसी वजह से इसका नाम छत्तीसगढ़ पड़ा। रायपुर जिले के गजेटियर (1973) में लिखा मिलता है कि इनमें 18 गढ़ शिवनाथ नदी के उत्तर में और 18 दक्षिण में थे। हालांकि नाम को लेकर एक दूसरा मत भी चलता है। इसके मुताबिक छत्तीसगढ़ शब्द चेदिशगढ़ का अपभ्रंश है, क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय तक चेटि राजवंश के अधीन रहा। नाम की उत्पत्ति पर भले ही अलग-अलग मान्यताएं हों, एक बात पर कोई विवाद नहीं कि मेरी ऐतिहासिक पहचान सदियों पुरानी है।

दक्षिण कोसल से राजवंशों की गौरवगाथा तक

प्रदेश बनने की कहानी प्राचीन दक्षिण कोसल से शुरू होती है। इतिहासकारों के अनुसार, वर्तमान छत्तीसगढ़ का भूभाग दक्षिण कोसल, महाकांतार और दण्डकारण्य जैसे ऐतिहासिक क्षेत्रों से जुडा रहा है। बस्तर का वन क्षेत्र प्राचीन माहकांतार का हिस्सा था। इसकी धरती ने कई महान राजवंशों का शासन देखा है। देशज राजर्षितुल्य, शरभपुरीय, पाण्डुवंश, नलवंश, छिंदक नागवंश, फणीनागवंश, सोमवंश और कलचुरी वंश ने यहां अपनी सत्ता कायम की। इनेक शासनकाल में मंदिरों, किलों और स्थापत्य कला का विकास हुआ। आज भी यहां मौजूद ऐतिहासिक धरोहरों उसी गौरवशाली अतीत की गवाही देती हैं। इन स्मारकों को देखकर लगता है कि मेरा इतिहास सिर्फ राजाओं और युद्धों का ब्योरा नहीं है। यह कला, संस्कृति और स्थापत्य के विकास की कहानी भी है।

मराठों से अंग्रेजों तक, संघर्ष की धरती

समय बदला तो इतिहास में नए अध्याय जुड़ते गए। मध्यकाल में यह क्षेत्र मराठा शासन के अधीन आया। स्थानीय रियासतों और जमींदारों ने यहां का प्रशासनिक ढांचा खड़ा किया। इसके बाद अंग्रेजों ने नियंत्रण अपने हाथ में लिया। पर मेरी धरती ने विदेशी शासन के आगे कभी आसानी से सिर नहीं झुकाया। 1857 की क्रांति के दौरान यहां भी अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष की ज्वाला धधकी। सोनाखान के वीर नारायण सिंह ने अंग्रेजों से लोहा लिया और अपने साहस व बलिदान से इतिहास में अमिट जगह बनाई। इसकी मिट्टी में ऐसे कई संघर्षों की यादें हैं। उन्होंने आजादी की चेतना को मजबूत किया। यहां के आदिवासी आंदोलनों ने भी अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाकर स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा दी।

आस्था औ संस्कृति की अनमोल विरासत

प्रदेश की पहचान सिर्फ इतिहास और वीरता तक सीमित नहीं है। मेरी सांस्कृतिक आत्मा मंदिरों, लोकपरंपराओं और धार्मिक आस्था में भी बसती है। बस्तर का दंतेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ का बम्लेश्वरी मंदिर, रतनपुर का महामाया मंदिर, सक्ती का चंद्रहासिनी मंदिर और कबीरधाम का भोरमदेव मंदिर ऐसी धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के अहम प्रतीक हैं। ये मंदिर सिर्फ पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं हैं। ये मेरे अतीत, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक परंपराओं के जीवंत प्रमाण भी हैं। यहां परंपराएं बीते दिनों की याद बनकर नहीं रह गईं। वे आज भी जनजीवन का हिस्सा हैं और नई पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ती हैं।

1 नवंबर 2000 को मिली नई पहचान

सदियों की ऐतिहासिक यात्रा के बाद 1 नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के तहत मेरा एक नए राज्य के रूप में गठन हुआ। रायपुर को राजधानी बनाया गया। बाद में नवा रायपुर (अटल नगर0 को आधुनिक प्रशासनिक केंद्र के तौर पर विकसित किया गया। राज्य बनने के साथ ही क्षेत्रीय पहचान को नई मजबूती मिली। सामाजिक और आर्थिक प्रगति के नए अवसर खुले। विकास की राह पर बढ़ते हुए भी मैंने अपनी सांस्कृतिक जड़ों को संजोकर रखा। आज तक की यात्रा बताती है कि परंपरा और आधुनिकता एक दूसरे के विरोधी नहीं हैं। दोनों साथ चलें तो किसी क्षेत्र को नई पहचान दे सकते हैं।

खनिज संपदा से औद्योगिक शक्ति तक

छत्तीसगढ़ के गर्भ में लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, डोलोमाइट और टिन जैसे खनिजों का भंडार है। इसी प्रचुरता ने देश के औद्योगिक विकास में मुझे अहम जगह दिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र ने मुझे देश के औद्योगिक नक्शे पर खास पहचान दी। यह देश के प्रमुख इस्पात कारखानों में गिना जाता है और मेरी औद्योगिक क्षमता का बड़ा प्रतीक है।

इतना ही नहीं कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जैसे जिले बिजली उत्पादन में बड़ी भूमिका निभाते हैं। इसी वजह से प्रदेश को देश के प्रमुख ऊर्जा उत्पादक राज्यों में गिना जाता है। मेरी औद्योगिक प्रगति सिर्फ कारखानों और बिजली संयंत्रों की कहानी नहीं है। यह उन संभावनाओं की झलक भी है, जो संसाधनों और सामर्थ्य में छिपी हैं।

अतीत की विरासत और भविष्य की संभावनाएं

आज प्रदेश ऐसे मुकाम पर खड़ा है, जहां गौरवशाली अतीत और विकासशील वर्तमान आपस में जुड़ते हैं। मेरी पहचान इतिहास, संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और औद्योगिक प्रगति के अनूठे संगम से बनी है। मैंने पाण्डुवंश, छिंदक नागवंश और कलचुरी वंश जैसे महान राजवंशों का शासन देखा है।

प्रदेश ने मराठों का दौर देखा, अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष देखा और स्वतंत्र भारत में एक नए राज्य के रूप में अपना सफर शुरू किया। आज मेरी धरती पर विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं। सांस्कृतिक विरासत मुझे जड़ों से जोड़े रखती है, तो प्राकृतिक और औद्योगिक संपदा भविष्य की ओर बढ़ने की ताकत देती है।

मैं छत्तीसगढ़ हूं। मेरी कहानी सिर्फ बीते हुए गौरव की नहीं, बल्कि आज की उपलब्धियों और आने वाले कल की संभावनाओं की भी कहानी है। प्रदेश की असली पहचान इसी में है कि मैं अपनी विरासत को संजोते हुए लगातार आगे बढ़ रहा है।

संबंधित सामग्री

Digital Arrest: जांजगीर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बुजुर्ग से 32 लाख की ठगी, इंदौर से दो आरोपी गिरफ्तार

Digital Arrest: जांजगीर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बुजुर्ग से 32 लाख की ठगी, इंदौर से दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर में सीबीआई अफसर बनकर बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट करने और 32 लाख ठगने के मामले में पुलिस ने इंदौर से दो आरोपी पकड़े हैं। एक आरोपी पहले पंजाब से पकड़ाया था।

Nov 03, 2026
TOP Universities: क्यूएस एशिया रैंकिंग 2027: आईआईटी दिल्ली भारत में टॉप पर, पर छह शीर्ष संस्थानों की रैंक गिरी

TOP Universities: क्यूएस एशिया रैंकिंग 2027: आईआईटी दिल्ली भारत में टॉप पर, पर छह शीर्ष संस्थानों की रैंक गिरी

क्यूएस एशिया रैंकिंग 2027 में भारत के 325 संस्थान शामिल हैं। आईआईटी दिल्ली 66वीं रैंक के साथ देश में पहले नंबर पर है, लेकिन भारत के सभी छह टॉप संस्थानों की रैंक गिरी।

Nov 03, 2026
Food Poisoning: नरसिंहपुर के स्कूल में बासी आटे की पूरियां खाकर 45 बच्चे बीमार, कलेक्टर ने समूह हटाया

Food Poisoning: नरसिंहपुर के स्कूल में बासी आटे की पूरियां खाकर 45 बच्चे बीमार, कलेक्टर ने समूह हटाया

नरसिंहपुर के समनापुर स्कूल में खीर पूरी खाने के बाद 45 बच्चे बीमार हुए। सभी बच्चे अस्पताल में निगरानी में हैं और कलेक्टर ने भोजन बनाने वाला समूह हटा दिया है।

Nov 03, 2026
Share Market 4th Day Rally: शेयर बाजार में चौथे दिन रौनक, सेंसेक्स 1225 अंक उछला, निफ्टी 23800 के पार

Share Market 4th Day Rally: शेयर बाजार में चौथे दिन रौनक, सेंसेक्स 1225 अंक उछला, निफ्टी 23800 के पार

शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी रही। सेंसेक्स 1225 अंक चढ़कर 76917 पर और निफ्टी 370 अंक बढ़कर 23810 पर बंद हुआ। जानिए तेजी की वो 6 वजहें कौन सी है।

Nov 03, 2026
Surajpur violence Action: सूरजपुर हिंसा में प्रशासनिक लापरवाही पर एक्शन, प्रभारी तहसीलदार पर गिरी गाज

Surajpur violence Action: सूरजपुर हिंसा में प्रशासनिक लापरवाही पर एक्शन, प्रभारी तहसीलदार पर गिरी गाज

कुबेरपुर हादसे के बाद हुए बवाल में लापरवाही पर सरगुजा कमिश्नर ने प्रभारी तहसीलदार करमचंद जाटवर को निलंबित कर दिया। कलेक्टर की जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई हुई।

Nov 03, 2026