कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-30 पर कोतवाली थाना क्षेत्र में दो कारों की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, उड़कुडा निवासी कॉन्स्टेबल मुनेंद्र नेताम का परिवार शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। रात करीब 11 बजे नाथिया नवागांव के पास उनकी कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में मुनेंद्र नेताम की पत्नी कुंती नेताम, दामाद समुंदलाल नेताम, बहन मुमतुला नेताम और 8 वर्षीय भांजा अंशु नेताम सहित कुल 6 लोगों की जान चली गई। अन्य मृतकों में दीना यादव और जुहरा जुर्री शामिल हैं। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।हादसे में दोनों वाहनों में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दूसरी कार तेज रफ्तार में थी और ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।