सरगुजाः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सोमवार तड़के दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सबसे बड़ा हादसा प्रतापपुर–अंबिकापुर मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रतापपुर–अंबिकापुर मार्ग पर सकालो जंगल के पास यह भीषण दुर्घटना हुई। जानकारी के मुताबिक, दुप्पी चौरा रजापुर निवासी परिवार सुबह करीब पांच बजे कार से अंबिकापुर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बचने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में 52 वर्षीय कईलाराम, उनकी पत्नी मानीमती (50 वर्ष) और पुत्र राहुल टोप्पो (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल कार चालक सोनू केरकेट्टा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

दूसरे हादसे में दो युवकों की मौत
इसी जिले में एक अन्य सड़क हादसे में भी दो लोगों की जान चली गई। अंबिकापुर शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में मठपारा निवासी बादल नगेसिया और विशाल हलवाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।