लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया। उन्होंने लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की परेशानियों पर तुरंत संवेदनशीलता दिखाएं, तेजी से कार्रवाई करें और ऐसा समाधान कराएं जिससे लोग संतुष्ट हों। इस दौरान उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, "चिंता मत करिए। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।"
125 लोगों से मिले सीएम, खुद चलकर पहुंचे कुर्सियों तक
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री 125 लोगों से मिले। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास मुख्यमंत्री खुद चलकर गए। उन्होंने एक-एक करके सबकी समस्या सुनी और उनके प्रार्थना पत्र लिए। पास में खड़े अधिकारियों को समाधान के लिए जरूरी दिशानिर्देश भी दिए। प्रार्थना पत्र संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भेजे गए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ तय समय में, निष्पक्ष तरीके से और संतुष्टि देने वाला होना चाहिए।
VIDEO | Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath held a ‘Janata Darshan’ at Gorakhnath Temple in Gorakhpur, personally listening to people’s grievances and directing officials to ensure their timely and effective resolution. (Source: Gorakhnath Mandir) (Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) November 9, 2026
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा
हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि पैसों की कमी से किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों से कहा कि जरूरतमंदों के बेहतर इलाज का एस्टीमेट जल्दी बनवाकर उपलब्ध कराएं। एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धनराशि उपलब्ध कराएगी।
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी आई थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्यार और आशीर्वाद दिया और चॉकलेट भी दीं।