नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके से बुधवार सुबह एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सीनियर IRS अफसर की 22 वर्षीय बेटी की उसके ही घर में रेप के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे गंभीर आपराधिक वारदात माना है और कई एंगल से जांच शुरू कर दी है।
माता-पिता जिम गए थे, घर में अकेली थी बेटी
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 6 बजे की है। उस समय युवती घर में अकेली थी क्योंकि उसके माता-पिता रोज की तरह जिम गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्हें अपनी बेटी का शव कमरे में मिला। मृतका UPSC की तैयारी कर रही थी और घर पर ही रहकर पढ़ाई करती थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि पहले युवती के साथ रेप किया गया और फिर मोबाइल फोन के चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। शव पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पूर्व नौकर पर शक, एक महीने पहले निकाला था
इस मामले में 19 वर्षीय राहुल मीणा को मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। वह पहले IRS अफसर के घर में काम करता था। बताया जा रहा है कि उसे करीब आठ महीने तक घर में काम करने के बाद लगभग एक महीने पहले नौकरी से हटा दिया गया था। उस पर घरेलू खर्चों में गड़बड़ी के आरोप लगे थे।
घर की जानकारी का फायदा उठाने की आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को घर की पूरी जानकारी थी, जैसे परिवार की दिनचर्या, माता-पिता के बाहर जाने का समय और घर का लेआउट। इसी जानकारी के आधार पर वह घर में घुसा और वारदात को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई हैं। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। फिलहाल एक कार क्लीनर और एक अन्य घरेलू कर्मचारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
घटना के बाद कैलाश हिल्स इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।