रेडक्रॉस चिकित्सालय में निःशुल्क सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर आयोजित
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, राज्य शाखा द्वारा विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस चिकित्सालय परिसर में निःशुल्क सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अजय खेमरिया (आयुक्त, दिव्यांगजन, मध्यप्रदेश) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विवेक चतुर्वेदी मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे ने की। संचालन महासचिव रामेंद्र सिंह द्वारा किया गया। इस मौके पर डॉ. खेमरिया ने कहा कि चिकित्सक समाज में ईश्वर के दूत की तरह कार्य करते हैं और सेवा भाव ही रेडक्रॉस की असली शक्ति है। उन्होंने मध्यप्रदेश में रेडक्रॉस की नई टीम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। रेडक्रॉस महासचिव रामेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष की थीम 'मानवता को जीवित रखना' के अंतर्गत पूरे प्रदेश में सेवा गतिविधियां निरंतर चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिला इकाइयों के माध्यम से रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क परामर्श एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को राहत मिल रही है। डॉ. श्याम सिंह कुमरे ने जानकारी दी कि जूनियर रेडक्रॉस के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे युवा वर्ग भी सेवा कार्यों से जुड़ सके। शिविर में हड्डी रोग, हृदय रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, शिशु रोग, चर्म रोग, दंत रोग, सर्जरी एवं ईएनटी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गई। महिलाओं की स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर जांच भी एडवांस मशीनों से की गई। शिविर में सभी क्लीनिकल जांचों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी गई, जिससे सैकड़ों मरीजों को लाभ मिला।