हापुड़। गंगा एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। सिंभावली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार THAR अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय विष्णु घायल हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिखेड़ा ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया।
बदायूं से दिल्ली जा रही थी कार
पुलिस के मुताबिक, THAR में सवार युवक बदायूं से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क पर पलट गया।हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चार युवकों की जान चली गई।
चार युवकों की मौत
मृतकों की पहचान जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत और रवि के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही चारों के परिवारों में मातम छा गया।वहीं, हादसे में घायल हुए 17 वर्षीय विष्णु को भी अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसे हल्की चोटें आई हैं और उसका इलाज कराया जा रहा है।
एक्सप्रेसवे पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी की स्थिति रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त THAR को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।पुलिस ने मौके से हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
एक हादसे ने चार परिवारों को दिया गहरा सदमा
एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे की वजहों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।