डॉ. मोहन यादव और सिंधिया ने किया अंबुजा प्लांट का शिलान्यास, हजारों रोजगार की उम्मीद
मध्यप्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर रविवार का दिन स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मावन में अंबुजा सीमेंट प्लांट का शिलान्यास कर जिले को एक नए औद्योगिक युग में प्रवेश करा दिया।अडानी ग्रुप के इस कारखाने से न केवल गुना की तस्वीर और तकदीर बदलेगी, बल्कि यह निवेश आगे चलकर 1000 करोड़ से बढ़कर 3500 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। 40 लाख मीट्रिक टन क्षमता वाला यह प्लांट 2028 तक अपना प्रथम चरण पूरा कर लेगा।स्थानीय दशहरा मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अडानी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अडानी की मौजूदगी ने निवेश के संकल्प को और मजबूती दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार पर है।
सिंधिया की ‘गुहार’ लाई रंग, पलायन रुकेगा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने चार साल पहले जो गुहार लगाई थी, वह आज साकार हो रही है। सिंधिया ने स्पष्ट किया कि इस प्रोजेक्ट से न केवल शहरी, बल्कि ग्रामीण युवाओं को भी बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।उन्होंने कहा, “अब युवाओं को काम के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, पलायन रुकेगा।”अडानी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अडानी ने बताया कि उनके ग्रुप ने प्रदेश में 1,10,000 करोड़ रुपए के निवेश का संकल्प लिया है।