प्रमोद शर्मा, हापुड़: सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 के दूसरे दिन खेल मैदान में खिलाड़ियों का जोश देखते ही बना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जोन-5 की जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में 45 नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। कहीं बैडमिंटन के शटल पर खिलाड़ियों ने फुर्ती दिखाई तो कहीं वॉलीबॉल और बास्केटबॉल के मुकाबलों में जीत के लिए जमकर पसीना बहाया। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों के बीच आगे निकलने की होड़ देखने को मिली।
तीन दिवसीय खेल महोत्सव के दूसरे दिन बैडमिंटन के सेमीफाइनल मुकाबले, वॉलीबॉल के रोमांचक मैच और बास्केटबॉल के सेमीफाइनल प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी चुनौती दी। वहीं एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने अपनी रफ्तार का दम दिखाया। रिले रेस में टीमवर्क और तालमेल की परीक्षा हुई, जबकि लंबी कूद, ऊंची कूद और डिस्कस थ्रो में खिलाड़ियों ने शारीरिक क्षमता और कौशल का परिचय दिया।
मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए टीम मैनेजर, शिक्षकगण, खेल अधिकारी और अन्य सहयोगी मौजूद रहे। अलग-अलग कॉलेजों से आए विद्यार्थियों के बीच कड़ा मुकाबला होने के बावजूद आपसी सहयोग, अनुशासन और खेल भावना की मिसाल देखने को मिली।
खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने आयोजन को यादगार बना दिया।
यह प्रतिष्ठित खेल महोत्सव अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. जे. रामचंद्रन के मार्गदर्शन एवं संरक्षण तथा वाइस चेयरपर्सन डॉ. रम्या रामचंद्रन के नेतृत्व में आयोजन संपन्न हो रहा है। सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) आर. पिरामिला के मार्गदर्शन में आयोजन की व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
आयोजन का उद्देश्य नर्सिंग विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के अलावा उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आपसी सम्मान की भावना विकसित करना है। 45 कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए यह महोत्सव अपनी खेल प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच बनकर उभरा है।
दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं के सफल समापन के बाद अब सभी की निगाहें अंतिम दिन पर टिकी हैं। जहां विभिन्न खेलों के विजेताओं और चैंपियनों के नाम घोषित होंगे। कॉलेज प्रबंधन ने विश्वविद्यालय, प्रतिभागी संस्थानों, टीम मैनेजरों, खेल अधिकारियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।