Illegal Soil Mining

Illegal Soil Mining: मुडिला टोल प्लाजा के पश्चिम तरफ धड़ल्ले से अवैध मिट्टी खनन

नौतनवा थाना क्षेत्र के मुडिला  टोल प्लाजा के पश्चिम तरफ  बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि किसान के नाम पर जारी परमिट की आड़ में निर्धारित मानकों को...

By : विकास जैन
Illegal Soil Mining: मुडिला टोल प्लाजा के पश्चिम तरफ धड़ल्ले से अवैध मिट्टी खनन

Illegal Soil Mining: मुडिला टोल प्लाजा के पश्चिम तरफ धड़ल्ले से अवैध मिट्टी खनन

राजेश जायसवाल, महराजगंज: नौतनवा थाना क्षेत्र के मुडिला  टोल प्लाजा के पश्चिम तरफ  बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि किसान के नाम पर जारी परमिट की आड़ में निर्धारित मानकों को दरकिनार कर धड़ल्ले से मिट्टी की खुदाई की जा रही है। मौके पर करीब 20 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और चार जेसीबी मशीनें लगाकर सुबह से देर रात तक मिट्टी निकाली जा रही है। इस मिट्टी को नौतनवा समेत आसपास के अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पहुंचाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि फायर विभाग की बाउंड्री और स्कूल के नाम पर मिट्टी की आवश्यकता बताकर खनन किया जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले में परमिट की वास्तविकता, खनन की अनुमति और मिट्टी की निकासी की निर्धारित मात्रा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह भी है कि जिस कार्य के नाम पर मिट्टी निकाली जा रही है, क्या वास्तव में उतनी ही मिट्टी की जरूरत है या फिर इसकी आड़ में व्यावसायिक स्तर पर मिट्टी का कारोबार किया जा रहा है?

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि किसान के परमिट का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर मिट्टी की निकासी की जा रही है। यदि परमिट कृषि भूमि के समतलीकरण अथवा किसी निर्धारित कार्य के लिए जारी हुआ है तो उस परमिट की शर्तों के अनुरूप ही मिट्टी की खुदाई और परिवहन होना चाहिए। लेकिन करीब 20 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और चार जेसीबी मशीनों की मौजूदगी में हो रहे खनन ने पूरे मामले को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।

हैरानी की बात यह है कि सुबह से देर रात तक मिट्टी की खुदाई और ढुलाई का सिलसिला चलने की बात सामने आ रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामला अब जिला प्रशासन तक पहुंचने की बात कही जा रही है। ऐसे में जिला प्रशासन की निगरानी में मौके की जांच और परमिट की शर्तों का सत्यापन जरूरी हो गया है।

मामले में खनन अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि मिट्टी खनन की जानकारी मिली है। टीम के साथ मौके पर जांच कराई जाएगी। अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, नौतनवा के उपजिलाधिकारी कुणाल सिंह ने कहा कि टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि किसान के परमिट की आड़ में आखिर कितनी मिट्टी निकाली जा रही है? फायर विभाग की बाउंड्री और स्कूल के नाम पर मिट्टी खनन की वास्तविकता क्या है? क्या परमिट में इतने बड़े पैमाने पर जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी की निकासी की अनुमति है? मौके पर जहां मिट्टी खनन की गई है वहां काफी बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं जो जांच का विषय बना हुआ है।