कानपुर के किदवई नगर स्थित मदर टेरेसा हायर सेकेंड्री स्कूल में एक छात्र के माथे से टीका मिटवाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की।
स्थिति बिगड़ती देख स्कूल मैनेजमेंट ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षिका हिबा फातिमा को नौकरी से हटा दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ और छात्र के परिजनों ने भी कार्रवाई पर संतोष जताया।
छात्र के पिता ने लगाया मारपीट का आरोप
दरअसल, दामोदर नगर निवासी छात्र के पिता दिलीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनका बेटा रोजाना पूजा के बाद माथे पर टीका लगाकर स्कूल जाता था। लेकिन शिक्षिका टीका लगाने का विरोध करती थी।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार को स्थिति और बिगड़ गई, जब छात्र को टीका हटवाने के साथ कथित तौर पर थप्पड़ भी मारे गए। इसके बाद बच्चा घर लौटकर रोने लगा और पूरी घटना अपने पिता को बताई। इस घटना के बाद पिता ने स्कूल मैनेजमेंट और नौबस्ता थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
स्कूल में ABVP का हंगामा, पुलिस भी पहुंची
मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब शनिवार को ABVP के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल परिसर के बाहर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
सूचना मिलने पर नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की। करीब एक घंटे तक पुलिस की मौजूदगी में स्कूल मैनेजमेंट और कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत चली।
शिक्षिका हटाई, मामला शांत हुआ
बातचीत के बाद स्कूल मैनेजमेंट ने शिक्षिका हिबा फातिमा को नौकरी से हटाने का फैसला लिया। इसके बाद ABVP कार्यकर्ता शांत हुए और परिजन भी संतुष्ट नजर आए।
ADCP वेस्ट योगेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझ गया है और अब किसी तरह का विवाद नहीं बचा है। पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।