उज्जैन: बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन सोमवार देर रात विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे। उन्होंने रात्रिकालीन शयन आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और देश-दुनिया की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।सफेद शर्ट और नीली जींस में पहुंचे कार्तिक आर्यन ने नंदी हॉल में श्रद्धापूर्वक शयन आरती में भाग लिया। आरती के बाद उन्होंने परंपरा के अनुसार नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना कही और महाकाल के दरबार में माथा टेककर पूजा-अर्चना की।
कार्तिक को देखने उमड़े श्रद्धालु
मंदिर परिसर में जैसे ही श्रद्धालुओं और प्रशंसकों को कार्तिक आर्यन के आने की जानकारी मिली, उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि अभिनेता ने शांतिपूर्वक दर्शन किए और बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के मंदिर से रवाना हो गए।
इन फिल्मों में नजर आएंगे कार्तिक आर्यन
कार्तिक आर्यन जल्द ही कई बड़े प्रोजेक्ट्स में दिखाई देंगे। उनकी आगामी फिल्मों में एक फैंटेसी कॉमेडी 'नागजिला', एक देशभक्ति आधारित एक्शन ड्रामा और निर्देशक कबीर खान की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म शामिल है। 'चंदू चैंपियन' के बाद यह उनकी अगली स्पोर्ट्स फिल्म होगी।
ओडिशा के राज्य मंत्री ने किए भस्म आरती के दर्शन
मंगलवार तड़के ओडिशा सरकार के मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विकास तथा MSME विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गोकुला नंदा भी महाकाल मंदिर पहुंचे। उन्होंने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर विधि-विधान से बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की खुशहाली की कामना की।दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से इंजीनियर शिवकांत पांडे ने उनका स्वागत किया तथा भगवान महाकाल का प्रसाद और सम्मान भेंट किया।