उज्जैन। शहर में स्थित होटल का चैंबर साफ करने उतरे चार लोगों की जान चली गई। रात में एक के बाद एक चारों चैंबर के अंदर फंसते चले गए। इन्हें बचाने के लिए जो दो लोग भीतर उतरे, उनकी भी तबीयत बिगड़ गई और अब वे अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिसकर्मियों ने बाहर निकालकर चारों को दो मिनट से ज्यादा देर तक सीपीआर दिया। लेकिन मदद भी काम नहीं आई और किसी को बचाया नहीं जा सका।
उज्जैन देवास रोड के होटल में हादसा
दरअसल, घटना उज्जैन देवास रोड पर बने श्री गंगा होटल की है। रात के वक्त चार लोग होटल का ओवरग्राउंड चैंबर साफ करने के लिए अंदर उतरे थे। कुछ ही देर में चारों अंदर फंस गए और बाहर नहीं आ सके। मृतकों में कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद और मनोज मीणा की पहचान हो चुकी है। चौथे मृतक के बारे में पुलिस को अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं, टीम को रेस्क्यू में कई मुश्किलें आईं।
कटर मशीन से काटना पड़ा चैंबर का गेट
सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। दिक्कत यह थी कि चैंबर का गेट खुल ही नहीं रहा था। थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य वाली जगह से कटर मशीन मंगवाई और उसी से गेट कटवाया गया। अदंर फर्श पर काफी फिसलन थी। इसलिए रेस्क्यू करने वालों को भी संभल संभलकर काम करना पड़ा।
डेढ़ घंटे बाद निकले चारों मदद भी बेकार
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला जा सका। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किया उन्हें दो मिनट से ज्यादा समय तक सीपीआर दिया। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। चारों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं बचाने उतरे लोग भी बीमार हुए।
पांचवां सफाईकर्मी घबराकर बाहर भागा
चार लोगों के फंसने के बाद हेमराज नाम का एक और सफाईकर्मी चैंबर में गया था। अंदर जाते ही उसे घबराहट होने लगी और बेहोशी जैसा महसूस हुआ। वह अपनी जान बचाकर किसी तरह बाहर आ गया। चारों को बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसआई भी घायल, मौके पर पहुंचे एसपी
हादसे की खबर मिलने पर एसपी शर्मा भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू टीम को जरूरी निर्देश दिए। रेस्क्यू के दौरान एक सब इंस्पेक्टर भी घायल हो गया।