राजेश जायसवाल, महाराजगंज: सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नौतनवा नगर में स्थानीय सिख समुदाय की ओर से भव्य नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से सराबोर इस शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। सबद-कीर्तन और वाहेगुरु-वाहेगुरु, जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल तथा राज करेगा खालसा के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
नगर कीर्तन यात्रा में सबसे आगे संगत के अनुयायी झाड़ू लगाकर मार्ग की सफाई करते हुए चल रहे थे। उनके पीछे केसरिया वस्त्र धारण किए पंज प्यारे सिर पर नीली दस्तार बांधे, हाथों में तलवार लिए नंगे पांव चल रहे थे। पंज प्यारों की यह भव्य और अनुशासित अगुवाई लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं सजे हुए रथ पर गुरु ग्रंथ साहिब की भव्य झांकी निकाली गई। शहीद सिंहों, स्वर्ण मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।

महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग टोलियां भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थीं। समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं पंजाब से आई गतका पार्टी के कलाकारों ने तलवारबाजी और पारंपरिक युद्धकला के हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। करतब देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही।

गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ हुई नगर कीर्तन यात्रा जायसवाल मोहल्ला, हनुमान चौक, पुरानी नौतनवा चौराहा, स्टेशन चौराहा, घंटाघर चौक, अस्पताल तिराहा, जय हिंद चौराहा और गांधी चौक होते हुए पुनः गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।