मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक 15 से 20 जून के बीच होने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के सोमवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, यदि वर्तमान मौसमी परिस्थितियां बनी रहीं तो 15 जून या उसके आसपास दक्षिणी मध्य प्रदेश के जिलों, मसलन खरगौन और बुरहानपुर से मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। यहां अरब सागर से आने वाले मानसूनी बादल झमाझम बारिश कराएंगे।
दक्षिणी MP से होगी मानसून की एंट्री
मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून के आगे बढ़ने के पैटर्न के आधार पर कहा है कि 15 से 20 जून के बीच प्रदेश में मानसून प्रवेश कर सकता है। मानसून की यह संभावित दस्तक सामान्य समय के अनुरूप मानी जा रही है। आमतौर पर मानसून इसी अवधि के दौरान प्रदेश में प्रवेश करता है।
कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
इधर प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी शुरू हो गई है। हालांकि अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य या उसके आसपास बना हुआ है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस ग्वालियर में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में झंझावत, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। यह मौसमी स्थिति भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, देवास, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में बन सकती है।