भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश में संगठन स्तर पर बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वर्चुअली जुड़कर 17 जिलों में बनने वाले नए भाजपा जिला कार्यालयों का भूमिपूजन किया। इस दौरान भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए।
17 जिलों में शुरू हुआ कार्यालय निर्माण कार्य
प्रदेश के 17 जिलों में भाजपा जिला कार्यालयों के निर्माण के लिए भूमि पहले ही चिह्नित और खरीदी जा चुकी थी। स्थापना दिवस के मौके पर इन सभी स्थानों पर निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया। पार्टी संगठन का मानना है कि नए कार्यालयों से जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मजबूत होगी तथा संगठनात्मक ढांचा और अधिक प्रभावी बनेगा।
बूथ स्तर तक चला स्थापना दिवस कार्यक्रम
स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में बूथ, मंडल, जिला और संभाग स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यालयों और पार्टी स्थलों पर ध्वजारोहण किया गया और दीप प्रज्वलन भी हुआ। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं। साथ ही भाजपा के इतिहास और संगठनात्मक यात्रा पर चर्चा भी की गई।
7 अप्रैल से ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’
भाजपा ने घोषणा की है कि 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक प्रदेशभर में ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान में सांसद, विधायक, महापौर और अन्य जनप्रतिनिधि गांवों और बस्तियों में जाकर जनता से संवाद करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 बड़े गांवों का चयन किया गया है, जहां विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान
इस अभियान के तहत पार्टी नेताओं को केवल जनसभाएं ही नहीं करनी होंगी, बल्कि संगठन की नींव रखने वाले पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनका सम्मान भी करना होगा। इसके अलावा गांवों में स्वच्छता अभियान, चौपाल बैठकें और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद करने की भी योजना बनाई गई है। पार्टी का उद्देश्य है कि जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभाव को सीधे जनता से जोड़कर दिखाया जाए।