भोपाल। राजधानी भोपाल का Nishatpura Railway Station पूरी तरह तैयार हो चुका है और अब इसके उद्घाटन के लिए रेलवे मंत्रालय की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। हरी झंडी मिलते ही स्टेशन को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
शुरुआत में सिर्फ दो ट्रेनों का होगा स्टॉपेज
प्रारंभिक चरण में इस स्टेशन पर दो ट्रेनों को ठहराव की अनुमति दी गई है। इनमें Malwa Express और Somnath Express शामिल हैं, जो व्हाया बीना होकर संचालित होती हैं। यात्रियों की संख्या और जरूरत के आधार पर भविष्य में अन्य ट्रेनों का ठहराव भी बढ़ाया जा सकता है।
भोपाल को मिलेगा पांचवां रेलवे स्टेशन
निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने के बाद भोपाल में रेलवे स्टेशनों की संख्या पांच हो जाएगी। वर्तमान में Bhopal Railway Station, Rani Kamalapati Railway Station, संत नगर और मिसरोद स्टेशन पहले से संचालित हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नए स्टेशन के चालू होने से मुख्य भोपाल स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का दबाव कम होगा। इससे ट्रेनों को प्लेटफॉर्म मिलने में लगने वाला समय भी घटेगा और आउटर पर ट्रेनों को खड़ा करने की समस्या में कमी आएगी।
तीन प्लेटफॉर्म की सुविधा
निशातपुरा स्टेशन पर कुल तीन प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं। प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 का उपयोग यात्री ट्रेनों के लिए किया जाएगा, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर 3 को मालगाड़ियों के लिए आरक्षित रखा गया है। पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, स्टेशन की सभी बुनियादी सुविधाएं तैयार हैं और अब सिर्फ अंतिम स्वीकृति मिलना बाकी है। मंजूरी मिलते ही स्टेशन को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। रेलवे का मानना है कि निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से भोपाल रेल नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।