Swachh Survekshan 2025-26: स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' के परिणामों के तहत प्रदेश के तीन प्रमुख शहरी निकायों—रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा—का चयन राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार के लिए किया गया है। आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन तीनों शहरों को प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के कर्मचारियों और विशेष तौर पर सफाई मित्रों को हार्दिक बधाई दी है। सीएम ने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों प्रदेश के तीन शहरों का सम्मानित होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान उन तमाम सफाई मित्रों के अथक परिश्रम को समर्पित है, जो रोजाना सड़कों और मोहल्लों को साफ-सुथरा बनाने में जुटे रहते हैं।
केंद्रीय मंत्रालय ने भेजा आधिकारिक पत्र
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर इन तीनों शहरों के चयन की औपचारिक जानकारी दी है। मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने राज्य में संचालित स्वच्छता गतिविधियों और जन-सहभागिता की विशेष सराहना की है। आगामी 11 नवंबर को होने वाले इस राष्ट्रीय समारोह में मैदानी कर्मचारियों और सफाई मित्रों की भूमिका को सर्वोपरि रखा गया है। मंत्रालय ने प्रत्येक पुरस्कार प्राप्त शहर से चार-चार प्रतिनिधियों (सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों और अभियंताओं) को मंच पर सम्मान ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में दोहराया कि स्वच्छता केवल पुरस्कार जीतने का विषय नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा हुआ है। सरकार का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, ताकि अन्य छोटे और बड़े शहर भी इससे प्रेरणा लेकर एक स्वस्थ और सुंदर प्रतिस्पर्धा की ओर अग्रसर हो सकें।