Narayan Singh Kesari Passes Away: मध्य प्रदेश से एक दुखद खबर सामने आई है। BJP के वरिष्ठतम नेताओं में शुमार और पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण सिंह केसरी का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रदेश भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
जनसंघ से लेकर भाजपा तक
नारायण सिंह केसरी का राजनीतिक जीवन बेहद लंबा और संघर्षपूर्ण रहा। उन्होंने भारतीय जनसंघ के दौर से ही अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के बाद भी वे संगठन विस्तार में सक्रिय रहे। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने विधायक और राज्यसभा सांसद के रूप में प्रदेश और देश की राजनीति में योगदान दिया।
भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए लिखा है कि मध्यप्रदेश में जनसंघ से लेकर भाजपा तक संगठन विस्तार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद व पूर्व विधायक आदरणीय श्री नारायण सिंह केसरी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। श्रद्धेय केसरी जी ने अपना संपूर्ण जीवन संगठन और जनसेवा के लिए समर्पित किया। उनका अनुभव, समर्पण, संगठनात्मक कौशल और वैचारिक प्रतिबद्धता सदैव कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें।