शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के एक कार्यक्रम के बाद भोजन वितरण के दौरान अव्यवस्था का माहौल बन गया। स्थिति ऐसी रही कि भोजन स्थल पर लोग प्लेट और खाने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करते नजर आए। यह कार्यक्रम हाल ही में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर से जुड़े सहयोगियों के सम्मान समारोह के रूप में आयोजित किया गया था।
डॉक्टरों और समाजसेवियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 16 से 24 मार्च तक चले मेगा स्वास्थ्य शिविर में योगदान देने वाले करीब 350 डॉक्टरों, प्रशासनिक अधिकारियों, वालंटियर्स और सफाईकर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने इस आयोजन को 'करिश्मा' बताते हुए कहा कि इस तरह के बड़े स्वास्थ्य शिविर समाज सेवा का उदाहरण हैं। सिंधिया ने शिविर में हुई 3600 सर्जरियों की जानकारी भी साझा की और हर वर्ष ऐसे आयोजन की घोषणा की।
भोजन व्यवस्था के दौरान बिगड़ी स्थिति
आभार समारोह के समापन के बाद कार्यक्रम स्थल पर भोजन की व्यवस्था की गई थी। लेकिन जैसे ही केंद्रीय मंत्री कार्यक्रम स्थल से रवाना हुए, वहां मौजूद भीड़ अचानक भोजन क्षेत्र की ओर बढ़ गई। कुछ ही पलों में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और लोग प्लेट व खाने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलते नजर आए। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी और अव्यवस्था का माहौल बन गया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भोजन वितरण के दौरान भारी भीड़ और अव्यवस्था साफ देखी जा सकती है।