मुरादाबाद। ब्रजेश पाठक को लेकर जा रहे उत्तर प्रदेश सरकार के सरकारी विमान में सोमवार को तकनीकी खराबी आ गई। मुरादाबाद एयरपोर्ट पर रनवे के दौरान विमान के एक इंजन ने अचानक काम करना बंद कर दिया और उसमें से धुआं निकलने लगा। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, विमान रनवे पर था तभी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। उस समय उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक विमान में मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया और डिप्टी सीएम सहित सभी यात्रियों एवं अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रशासन के मुताबिक घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है और इंजन में आई खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई। बताया जा रहा है कि ब्रजेश पाठक मुरादाबाद दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
इससे पहले 9 मार्च 2026 को भी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के कारण एक फ्लाइट को उड़ान से पहले वापस एप्रन पर लाना पड़ा था। उस विमान में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सवार थे। तकनीकी जांच के बाद विमान को रवाना किया गया था।