पंचूर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मां के निधन की खबर सुनकर सीएम योगी देर शाम उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। वहां मां का पार्थिव शरीर देखकर वे भावुक हो गए।
शुक्रवार सुबह 11 बजे ली अंतिम सांस
पंचूर गांव में अपने आवास पर सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।
कल हरिद्वार के चंडी घाट में होगा अंतिम संस्कार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने परिजनों को बताया कि माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट में किया जाएगा।
मई में हुई थी आखिरी मुलाकात
योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। वे दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 7 मई को पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की। 8 मई को कार्यक्रमों के बाद वे अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था।
पारिवारिक जुड़ाव और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द
योगी का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। हालांकि संन्यास लेने के बाद उनकी पारिवारिक मुलाकातें सीमित रही हैं। मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री के सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। उनके निधन पर गहरा दुख जताया गया है।
संतों ने माता जी के निधन पर शोक जताया
उत्तर प्रदेश के सीएम की मां सावित्री देवी के निधन पर जयप्रभाग्राम में श्रीराम कथा महोत्सव में पहुंचे योग गुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती और आचार्य बालकृष्ण ने शोक जताया। वहीं, स्वामी चिदानंद सरस्वती ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।