माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई वैश्विक तकनीकी खराबी अब दूर हो गई है, शनिवार 14 नवंबर को कंपनी के सर्विस हेल्थ पेज पर Outlook, Microsoft 365 और अन्य सेवाओं के सामान्य रूप से काम करने की जानकारी दी गई । इस आउटेज के कारण दुनिया के कई देशों में यूजर्स को ईमेल और दूसरी व्यावसायिक सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हुई थी। माइक्रोसॉफ्ट ने इस रुकावट के लिए ग्राहकों और बिजनेस पार्टनर्स से माफी भी मांगी है ।
साइबर हमले या AI की वजह से नहीं हुआ आउटेज
माइक्रोसॉफ्ट ने साफ किया है कि इस घटना का किसी साइबर हमले, हैकिंग या AI एजेंट से कोई संबंध नहीं था कंपनी के मुताबिक यह नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के दौरान पहले हुए एक तकनीकी बदलाव से जुड़ी समस्या थी, जो हालिया नेटवर्क बदलाव के बाद सामने आई । कंपनी ने माना कि इस गड़बड़ी से ग्राहकों और पार्टनर्स को काफी परेशानी हुई, उसने भरोसा दिलाया कि यूजर्स का विश्वास उसके लिए बेहद अहम है।
74 देशों में दिखा असर
इस आउटेज का असर Outlook, Exchange Online, Teams, Copilot और SharePoint जैसी सेवाओं पर पड़ा, Downdetector के मुताबिक 74 देशों और क्षेत्रों से शिकायतें दर्ज हुईं। 12 नवंबर को Outlook की समस्या को लेकर एक समय करीब 1.30 लाख शिकायतें दर्ज की गई थीं यह शिकायतों की संख्या थी, प्रभावित यूजर्स की वास्तविक संख्या नहीं, भारत में भी एयरलाइंस और वित्तीय सेवाओं से जुड़े कामकाज पर असर पड़ने की खबरें सामने आईं ।
कैसे ठीक हुई तकनीकी खराबी?
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि समस्या दूर करने के लिए प्रभावित नेटवर्क से ट्रैफिक दूसरी जगह भेजा गया और खराब प्रदर्शन कर रहे सर्वरों को दोबारा चालू किया गया हालांकि, सर्वर और नेटवर्क पर बढ़े दबाव के कारण रिकवरी में उम्मीद से ज्यादा समय लगा । कंपनी ने सेवाओं को एक साथ बहाल करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से शुरू किया और हर चरण पर उनकी स्थिरता की जांच की। आउटेज के दौरान जमा हुए ईमेल बैकलॉग को भी सामान्य करने पर काम किया गया।