वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कारोबारी परिवार की नई नवेली दुल्हन के अचानक गायब होने का मामला चर्चा में है। करीब पांच दिन पहले दुल्हन घर से 40 लाख रुपये के गहने और 21 लाख से ज्यादा नकदी लेकर लापता हो गई थी। परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
मंडुवाडीह पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। आखिरकार दुल्हन को गुरुग्राम सेक्टर-51 के एक पीजी से बरामद कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षित मिली और उसके पास से गहने व नकदी भी बरामद हुई है।
डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार कारोबारी की शादी करीब डेढ़ महीने पहले वाराणसी के दशाश्वमेध क्षेत्र की युवती से हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। कुछ दिन पहले परिवार ने देखा कि दुल्हन अचानक घर से गायब है। जांच में पता चला कि घर में रखे नए गहने और बड़ी रकम भी नहीं है। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और पुलिस से मदद मांगी गई।
पुलिस ने ऐसे ट्रेस की लोकेशन
मंडुवाडीह थाना पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। शुरुआती लोकेशन दिल्ली में मिली, जिसके बाद टीम गुरुग्राम पहुंची। पुलिस ने सेक्टर-51 डाउन टाउन पीजी में दबिश देकर महिला को बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक महिला के पास से पूरी नकदी, गहने और एक आईफोन भी मिला है।
बरामद हुए लाखों के गहने और कैश
पुलिस के अनुसार बरामद सामान में सोने के दो कंगन, मंगलसूत्र, ब्रेसलेट, अंगूठियां, चेन, झुमके, चांदी की पायल और बिछिया शामिल हैं। इसके अलावा 21 लाख 27 हजार 600 रुपये नकद और एक आईफोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने महिला को पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
गुरुग्राम से हिमाचल घूमने चली गई थी दुल्हन
पूछताछ में सामने आया कि महिला ने बीएससी बायोटेक की पढ़ाई की है। उसने पुलिस को बताया कि वह कई दिनों से पति से घूमने जाने की बात कह रही थी, लेकिन बात नहीं बन रही थी। इसके बाद वह वाराणसी से बस के जरिए पहले लखनऊ, फिर दिल्ली और गुरुग्राम पहुंची। गुरुग्राम में होटल और पीजी में कमरा लेकर सामान रखा और अकेले ही हिमाचल प्रदेश घूमने निकल गई।
कुल्लू-मनाली और कसौल भी गई
पुलिस के मुताबिक महिला कुल्लू, मनाली और कसौल तक घूमकर वापस गुरुग्राम लौटी थी। उसने कहा कि अगर परिवार को बताती तो उसे बाहर नहीं जाने दिया जाता, इसलिए बिना बताए निकल गई। पुलिस का दावा है कि महिला पूरी यात्रा के दौरान अकेले ही घूमती रही। मामले में फिलहाल कोई आपराधिक कार्रवाई नहीं की गई है, क्योंकि बरामदगी पूरी हो चुकी है और महिला सुरक्षित मिल गई है।