UP SP Candidates List: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। सपा ने चुनावों की तारीखों के ऐलान और सपा कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे से पहले ही अपने पांच उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारने की घोषणा की है। इन पांच उम्मीदवारों के ऐलान के बाद से कांग्रेस खेमे में असहजता की स्थिति बनी हुई है।
अखिलेश यादव ने जिन उम्मीदवारों का ऐलान किया है उनमें सहारनपुर जिले की दो सीट भी शामिल है। सबसे खास बात यह है कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सहारनपुर देहात सीट से किसी अपने करीबी को कांग्रेस से टिकट दिलाना चहते थे, लेकिन सपा के एकतरफा ऐलान से इमरान मसूद समेत कांग्रेस नेता नाराज दिखाई देने लगे है।
अखिलेश के पहले 5 उम्मीदवार कौन?
बेहट विधानसभा सीट
सहारनपुर की बेहट सीट से मौजूदा विधायक उमर अली खान को सपा ने फिर से मैदान में उतारा है। साल 2012 से 2018 तक विधान परिषद सदस्य रह चुके उमर अली ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के नरेश सैनी को 37,880 मतों से हराया था। वे दिल्ली जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी के दामाद भी हैं।
सहारनपुर देहात विधानसभा सीट
मुलायम सिंह परिवार के बेहद करीबी और पूर्व एमएलसी आशु मलिक को सपा ने दोबारा सहारनपुर देहात से टिकट दिया है। मूल रूप से गाजियाबाद के निवासी आशु मलिक ने सहारनपुर को अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बनाया है और 2022 में इस सीट से विधायक चुने गए थे। इस सीट पर टिकट घोषित होने से कांग्रेस खेमे में सबसे अधिक नाराजगी देखी जा रही है।
कैराना विधानसभा सीट
कैराना के सबसे चर्चित सियासी परिवार से ताल्लुक रखने वाले मौजूदा विधायक नाहिद हसन पर सपा ने फिर भरोसा जताया है। मुस्लिम गुर्जर समाज से आने वाले नाहिद 2014 के उपचुनाव के अलावा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं। उनकी बहन इकरा हसन वर्तमान में कैराना से लोकसभा सांसद हैं।
अमरोहा से विधानसभा सीट
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले नेता महबूब अली को अमरोहा विधानसभा सीट से फिर प्रत्याशी बनाया गया है। कई बार विधायक रह चुके महबूब अली पूर्व में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
ललितपुर विधानसभा सीट
पहली सूची में शामिल इकलौती महिला उम्मीदवार ज्योति लोधी के जरिए सपा ने बुंदेलखंड क्षेत्र में पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। ललितपुर में जिला स्तर पर संगठन की कमान संभाल चुकीं ज्योति लोधी को भाजपा के प्रभाव वाली इस सीट पर नए चेहरे के रूप में उतारा गया है।