UP Election 2027: उत्तरप्रदेश में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा के चुनाव होने है। ऐसे में बीजेपी ने वोटरों को साधने के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। बीजेपी ने यूपी में चुनानी बिसात बिछाने के लिए मंथन तेज कर दिया है। पार्टी सूत्रों के हवाले से चर्चा है कि योगी सरकार विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 20,000 रुपये ट्रांसफर करने की योजना पर विचार कर रही है।
40 हजार करोड़ का बजट
महिलाओं को 20 हजार की सौगात देने के लिए विधानमंडल के आगामी शीतकालीन सत्र में करीब 40,000 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किए जाने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में इस तरह की योजनाओं के प्रभाव को देखते हुए यह कवायद अहम मानी जा रही है।
दो किस्तों में पैसे मिलने का अनुमान
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव आयोग द्वारा 10 जनवरी तक उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी की जा सकती है। ऐसे में आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले दिसंबर महीने में ही 10,000-10,000 रुपये की दो किस्तों में यह राशि लाभार्थियों महिलाओं के खातों में भेजने की संभावना पर चर्चा चल रही है। हालांकि, प्रस्तावित योजना का नाम अभी तय नहीं हुआ है।
पार्टी बैठक में होगा अंतिम फैसला
पार्टी सूत्रों की माने तो जल्द ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बीच अहम बैठक हो सकती है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहमति से योजना को अंतिम रूप दिए जाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?
पार्टी सूत्रों का कहना है कि सरकार और संगठन के बीच इस बात पर विचार चल रहा है कि आर्थिक सहायता का लाभ किस वर्ग की महिलाओं को दिया जाए। इसके लिए दो विकल्पों पर मंथन हो रहा है। जिनमें प्रदेश की करीब 3.64 करोड़ वो महिलाएं जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करती है। इनमें से प्रत्येक परिवार की एक महिला मुखिया को दो किस्तों में 20 हजार रुपये देने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। तो वही राज्य आजीविका मिशन से संबद्ध करीब 1 करोड़ महिलाएं जो स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने के लिए इन्हें यह सहायता देने पर भी चर्चा हो रही है।
प्रदेश में महिलाओं का आंकड़ा
प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या: 13,58,68,905
पुरुष: 7,38,58,510
महिला: 6,20,06,353
ट्रांसजेंडर: 4,021