गोरखपुरः भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की सभी प्रतिमाओं पर छत्र लगाया जाएगा और उनके आसपास के स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सदगुरु रविदास जी और महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण का भी निर्देश दिया।
अंबेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम की घोषणा
सीएम योगी ने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले सभी प्रतिमाओं के आसपास सफाई अभियान चलाया जाएगा और 14 अप्रैल को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही जिन पार्कों में प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां बाउंड्री और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
विपक्ष पर इशारों में हमला
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में “राजनीतिक गंदगी की सफाई” भी जरूरी है, क्योंकि यह विकास और व्यवस्था दोनों को प्रभावित करती है। योगी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा विकास और सुशासन की राजनीति की है और जो भी वादा किया, उसे पूरा करके दिखाया है।
भाजपा स्थापना दिवस पर संगठनात्मक गतिविधियां
गोरखपुर में स्थापना दिवस के मौके पर सीएम योगी ने पार्टी का झंडा फहराया और कार्यकर्ताओं के साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान सांसद रवि किशन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा उन्होंने गोरखपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई और एक कंप्यूटर लैब एवं रिसर्च सेंटर का उद्घाटन भी किया।
जनता दर्शन में सुनी समस्याएं
सीएम योगी ने जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। कई लोग आर्थिक सहायता और इलाज से जुड़ी मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे, जिन पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस ऐलान को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में दलित मतदाता एक बड़ा प्रभाव रखते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, दलित समाज के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक प्रतीकों को लेकर बढ़ती सक्रियता आने वाले चुनावों में असर डाल सकती है।