उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी करने वालों पर सख्त टिप्पणी करते हुए एक दिलचस्प किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों को सुंदर बनाने के लिए प्रशासन सड़क किनारे गमले लगाता है, लेकिन कुछ लोग उन्हें भी चोरी कर लेते हैं। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक बार ढाई करोड़ रुपए की लग्जरी कार से आए लोगों ने सिर्फ 45 रुपए का गमला चोरी कर लिया।
“यह चोरी का नया मॉडल”
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “हम गमला लगाते हैं और कोई महंगी कार से आता है, गमला उठाकर ले जाता है। कार में जितना पेट्रोल खर्च हुआ होगा, उतने में कई नए गमले खरीदे जा सकते थे।”उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि यह “चोरी का नया मॉडल” बन गया है।
CCTV में कैद हुई घटना
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब शहरों में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और निगरानी लगातार की जाती है। इसी दौरान पता चला कि महंगी कार से आए लोग गमला उठाकर ले गए।उन्होंने कहा कि अगर वही लोग बाजार से नया गमला खरीदकर घर में लगाते, तो उनका सम्मान भी बना रहता और शहर की सुंदरता भी प्रभावित नहीं होती।
“सरकारी संपत्ति जनता की संपत्ति”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकारी संपत्ति किसी एक व्यक्ति की नहीं होती, बल्कि यह जनता के टैक्स के पैसे से तैयार होती है। इसलिए उसे नुकसान पहुंचाना या चोरी करना गलत है।उन्होंने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और शहरों को सुंदर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि एक समय उनके मन में विचार आया था कि गमला चोरी करने वालों की तस्वीरें चौराहों पर लगवा दी जाएं।