भाई दूज पर तिलक का शुभ मुहूर्त आज

भाई दूज पर तिलक करने में न करें देरी! जानें आज का शुभ मुहूर्त और यमराज-यमुना की कथा

भाई दूज आज 11 नवंबर को मनाई जा रही है। बहनों को भाई का तिलक करने के लिए 2 घंटे 10 मिनट का शुभ समय मिलेगा।

By : नरेंद्र कुमार
भाई दूज पर तिलक करने में न करें देरी! जानें आज का शुभ मुहूर्त और यमराज-यमुना की कथा

दीपावली के बाद भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित भाई दूज का पर्व आज, 11 नवंबर को मनाया जा रहा है। सुबह से ही घरों में पूजा और तिलक की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार बहनों को भाई का तिलक करने के लिए दोपहर में 2 घंटे 10 मिनट का शुभ समय मिलेगा। इसके साथ ही भाई दूज पर यमुना स्नान और बहन के घर भोजन करने की भी विशेष धार्मिक मान्यता है।

भाई दूज 2026: तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त

पंचांग के मुताबिक, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू हुई थी। इसका समापन 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट पर होगा। उदया तिथि के आधार पर भाई दूज का त्योहार आज मनाया जा रहा है।ज्योतिषीय गणना के अनुसार, भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। यानी बहनों के पास पूजा और तिलक के लिए कुल 2 घंटे 10 मिनट का समय रहेगा।इस दौरान बहनें भाई को तिलक लगाकर आरती उतारेंगी और मिठाई खिलाएंगी। इसके बाद भाई की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। वहीं, भाई भी बहन को उपहार देकर उसके प्रति अपना स्नेह जताते हैं।

भाई दूज पर यमुना स्नान क्यों माना जाता है शुभ?

भाई दूज को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन यमुना नदी में स्नान करने की विशेष धार्मिक परंपरा है। मान्यता है कि भाई दूज पर यमुना में डुबकी लगाने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।इसी मान्यता के चलते मथुरा और वृंदावन सहित कई धार्मिक स्थलों पर भाई दूज के दिन श्रद्धालु यमुना स्नान के लिए पहुंचते हैं। इस पर्व पर यमुना स्नान के साथ बहन के घर जाकर भोजन करने की परंपरा भी निभाई जाती है।

यमराज और यमुना से जुड़ी है भाई दूज की पौराणिक कथा

भाई दूज मनाने के पीछे एक प्रचलित पौराणिक कथा है। इसके अनुसार, सूर्यदेव के पुत्र यमराज और पुत्री यमुना भाई-बहन थे। यमुना अपने भाई से बहुत स्नेह करती थीं। उन्होंने एक दिन यमराज को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया।बहन का निमंत्रण स्वीकार कर यमराज उनके घर पहुंचे। यमुना ने उनका स्वागत किया, तिलक लगाया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया। बहन के इस स्नेह और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा।तब यमुना ने वरदान मांगा कि हर साल इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे। यमराज ने उनकी यह इच्छा पूरी कर दी। धार्मिक मान्यता है कि तभी से भाई दूज पर बहन के घर जाकर तिलक करवाने और भोजन करने की परंपरा शुरू हुई।

भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और विश्वास का पर्व

भाई दूज का महत्व सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है। यह त्योहार भाई-बहन के बीच स्नेह, विश्वास और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प को भी मजबूत करता है। इस दिन बहनें भाइयों की खुशहाली और लंबी उम्र की कामना करती हैं, जबकि भाई जीवनभर उनका साथ निभाने का वादा करते हैं।देश के अलग-अलग हिस्सों में इस पर्व को भैया दूज, भाऊ बीज, यम द्वितीया और भ्रातृ द्वितीया जैसे नामों से जाना जाता है। परंपराएं भले ही अलग हों, लेकिन त्योहार का भाव एक ही है। भाई-बहन का रिश्ता हमेशा प्रेम और अपनत्व से बना रहे।अब बहनों की नजरें दोपहर के शुभ मुहूर्त पर हैं, जब तिलक और पूजा के साथ भाई दूज की परंपराएं निभाई जाएंगी।

संबंधित सामग्री

 रामनवमी पर रामलला का सूर्य तिलक, अयोध्या में भव्य आयोजन

 रामनवमी पर रामलला का सूर्य तिलक, अयोध्या में भव्य आयोजन

अयोध्या में रामनवमी पर आज रामलला का सूर्य तिलक होगा। दोपहर 12 बजे 4 मिनट तक सूर्य की किरणें ललाट पर पड़ेंगी, 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद।

Mar 27, 2026