क्रिकेट। एक ऐसा युवा बल्लेबाज जिसकी उम्र महज 15 साल है। उस धुरंधर खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को पहली बार किसी टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वे सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में बिहार की टीम की अगुवाई करेंगे। इससे पहले वे बिहार की रणजी टीम और दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के उपकप्तान रह चुके हैं। बिहार क्रिकेट संघ की चयन समिति ने शुक्रवार को बैठक के बाद शुरुआती दो मैचों के लिए टीम चुनी। बिहार 14 नवंबर को इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा, जबकि 16 नवंबर को उसका मुकाबला रेलवे से होगा।
इसी टूर्नामेंट में लगा चुके हैं 58 गेंदों में शतक
वैभव ने 2 दिसंबर 2025 को सैयद मुश्ताक अली में महाराष्ट्र के खिलाफ 58 गेंदों में शतक जड़ा था। उन्होंने उस मैच में 61 गेंदों पर 108 रन बनाए थे। यह भारत का घरेलू टी-20 टूर्नामेंट है। इसी साल जुलाई में उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला टी-20 अर्धशतक भी लगाया था।
न्यूजीलैंड दौरे पर बनाया पावरप्ले का रिकॉर्ड
वैभव हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ थे। पांच मैचों की टी-20 सीरीज में उन्हें दो मैच खेलने का मौका मिला और उन्होंने 4 और 45 रन बनाए। वेलिंगटन में तीसरे टी-20 में उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ पहले 6 ओवर में 118 रन जोड़े। यह टी-20 इंटरनेशनल में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। इस मैच में दोनों ने 43 गेंदों में 133 रन की साझेदारी की। कुल मिलाकर वैभव 44 टी-20 मैच खेल चुके हैं, जिनमें से 7 बिहार के लिए हैं।
समस्तीपुर से शुरू हुआ सफर
वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर में हुआ। उन्होंने 4 साल की उम्र में बल्ला थाम लिया था। पिता संजीव ने घर के पास ही प्रैक्टिस के लिए पिच और नेट बनवाए थे। पहली बड़ी पहचान उन्हें 2023 की वीनू मांकड़ ट्रॉफी से मिली। यह अंडर-19 स्तर का घरेलू टूर्नामेंट है। इसमें उन्होंने बिहार के लिए 5 पारियों में 393 रन बनाए, जिसमें हरियाणा के खिलाफ एक शतक भी था। जनवरी 2024 में उन्हें बिहार की रणजी टीम में जगह मिली। मुंबई के खिलाफ डेब्यू के समय उनकी उम्र 12 साल 284 दिन थी। नवंबर 2024 में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टी-20 डेब्यू किया और दिसंबर 2024 में विजय हजारे ट्रॉफी से लिस्ट-A क्रिकेट में कदम रखा।
यूथ टेस्ट में सबसे तेज शतक और IPL में करोड़ों की बोली
सितंबर 2024 में वैभव को भारत की अंडर-19 टीम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने का मौका मिला। चेन्नई में खेले गए यूथ टेस्ट में उन्होंने 58 गेंदों में शतक लगाया, जो भारत की ओर से यूथ टेस्ट में सबसे तेज शतक था। इसके बाद 2024 अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने UAE के खिलाफ 46 गेंदों में 76 रन और श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में 36 गेंदों में 67 रन बनाए।
नवंबर 2024 में जेद्दा में हुए IPL 2025 मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा। तब उनकी उम्र 13 साल थी और वे IPL ऑक्शन में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।