अगर आपका मन भी कुछ हल्का-फुल्का और कुरकुरा खाने का मन करता है, तो सबसे पहले दिमाग में आलू चिप्स का ही ख्याल आता है। लेकिन समस्या आती है कि घर पर बाजार जैसे आलू चिप्स नहीं बन पाते हैं। तो परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि घर पर ही कैसे आसान ट्रिक्स से एकदम बाजार जैसी क्रिसपी और टेस्टी चिप्स बनाई जा सकती है।

घर पर चिप्स बनाने में लोग परेशान हो जाते हैं, क्योंकि चिप्स या तो नरम रह जाते हैं या फिर उनका रंग लाल पड़ जाता है। इसकी वजह आलू में मौजूद स्टार्च और नमी होती है। लेकिन अगर आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करेंगे, तो आसानी से घर पर बाजार जैसी चिप्स बना सकते हैं।
सही आलू
परफेक्ट चिप्स बनाने की शुरुआत सही आलू से होती है। पुराने या ज्यादा मीठे आलू इस्तेमाल करने से चिप्स तलते समय जल्दी लाल हो जाते हैं और कुरकुरे नहीं बनते। इसलिए हमेशा नए और कम नमी वाले आलू इस्तेमाल करें। आलू छीलने के बाद उन्हें तुरंत ठंडे पानी में डाल दें, ताकि उनका रंग खराब न हो।

फिटकरी और ठंडे पानी का कमाल
बाजार जैसे हल्के पीले और कुरकुरे चिप्स बनाने के पीछे एक खास तरीका होता है। आलू के पतले स्लाइस काटने के बाद उन्हें 3-4 बार अच्छे से धो लें, ताकि अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए। इसके बाद ठंडे पानी में थोड़ा सा फिटकरी मिलाकर उसमें स्लाइस को करीब आधे घंटे के लिए भिगो दें। इससे चिप्स की सतह सख्त हो जाती है और तलने के बाद वे ज्यादा क्रिस्पी बनते हैं।

सुखाने और तलने का सही तरीका
भिगोने के बाद आलू के स्लाइस को सूती कपड़े पर फैलाकर अच्छी तरह सुखाना बहुत जरूरी है, ताकि उनमें नमी न रहे। तलते समय तेल का तापमान सही होना चाहिए। पहले तेल को तेज आंच पर गर्म करें, फिर मीडियम आंच पर चिप्स तलें। एक बार में ज्यादा स्लाइस न डालें और उन्हें धीरे-धीरे पकने दें। जब चिप्स ऊपर तैरने लगें और झाग खत्म हो जाए, तो समझ लें कि वे तैयार हैं।

अंत में तैयार चिप्स पर सेंधा नमक या अपनी पसंद का मसाला छिड़कें और चाय के साथ घर बैठे बाजार जैसा स्वाद लें।