अहमदाबाद: निकाले जाएंगे कांग्रेस से कई नेता, राहुल गांधी ने भरे मंच से कहा - BJP के लिए लोग अंदर से काम कर रहे
गुजरात। भरे मंच से जब राहुल गांधी ने कहा कि, BJP के लिए लोग अंदर से काम कर रहे हैं तो सामने बैठे लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। जब राहुल गांधी ने कहा कि, लोगों को पार्टी से निकालना पड़े तो निकाल देना चाहिए तो जाहिर है कई वरिष्ठ नेताओं की चिंता बढ़ गई। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यह बयान गुजरात में दिया है। वे इस समय गुजरात के दौरे पर हैं।
नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने कहा -
हमारा पहला काम- इन दो ग्रुप को अलग करना है। अगर हमें सख्त कार्रवाई करनी पड़े, 30-40 लोगों को निकालना पड़े तो निकाल देना चाहिए।
BJP के लिए लोग अंदर से काम कर रहे हैं, तो उन लोगों को निकालो और बाहर से BJP के लिए काम करने दो फिर देखते हैं, कैसे इनकी वहां जगह बनती है, क्योंकि वो उठाकर बाहर फेंक देंगे।
गुजरात की जनता, व्यापारी, किसान, मजदूर, छात्र प्रदेश में विपक्ष चाहते हैं। ये लोग गुजरात में 'B-टीम' नहीं चाहते हैं। मेरी जिम्मेदारी इन दो ग्रुप को अलग करने की है।
गुजरात कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सीधे जनता से जुड़ना ही पड़ेगा - तभी जनता आप में यकीन करेगी। जब कांग्रेस पार्टी को अंग्रेजों का सामना करना पड़ रहा था। तब हम देश में हर जगह नेतृत्व ढूंढ रहे थे। कांग्रेस पार्टी हिंदुस्तान की जनता का प्रतिनिधित्व कर रही थी, लेकिन हमें नेतृत्व गुजरात से मिला, जिनका नाम महात्मा गांधी था।
महात्मा गांधी जी के नेतृत्व ने हमें सोचने, लड़ने और जीने का तरीका दिया। गांधी जी के बिना कांग्रेस पार्टी देश को आजादी न दिलवा पाती।
गांधी जी के साथ गुजरात ने हमें सरदार पटेल जी भी दिए। यानी हिंदुस्तान को गुजरात ने रास्ता दिखाया। कांग्रेस पार्टी में हमारे सबसे बड़े नेताओं में से 2 नेता गुजरात के थे। आज एक बार फिर से गुजरात रास्ता देखना चाह रहा है। गुजरात की 'बैकबोन' छोटे व्यापारी, स्माल-मीडियम साइज़ बिजनेस और Entrepreneurs हैं, लेकिन अब वह खत्म हो गए हैं।
आज डायमंड इंडस्ट्री, टेक्सटाइल इंडस्ट्री, सिरेमिक इंडस्ट्री से जुड़े लोग और प्रदेश के किसान कह रहे हैं कि हमें 'नया विजन' चाहिए। क्योंकि पिछले 25 साल से जो विजन चल रहा है, वह फेल हो गया है।
कांग्रेस पार्टी बहुत आसानी से लोगों को 'नया विजन' दे सकती है। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा असलियत में गुजरात की विचारधारा है।
गुजरात की जनता, महात्मा गांधी जी और सरदार पटेल जी ने कांग्रेस को सिखाया है। हमारे वरिष्ठ नेताओं, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के दिल में कांग्रेस होना चाहिए। ऐसे लोगों के हाथ में ही संगठन का कंट्रोल जाना चाहिए। हम जैसे ही ये काम करेंगे, गुजरात की जनता हमारे संगठन से जुड़ेगी।