Priyanka Gandhi: टैक्स स्लैब में छूट 12 लाख, लेकिन कितने लोग इतना कमा रहे? – प्रियंका गांधी का सवाल
Priyanka Gandhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मोदी सरकार और आम बजट पर जमकर हमला बोला।;
Priyanka Gandhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मोदी सरकार और आम बजट पर जमकर हमला बोला। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट पर तंज कसते हुए कहा, "ठीक है, टैक्स स्लैब में छूट 12 लाख कर दिया, लेकिन कितने लोग इतना कमा रहे हैं?"
प्रियंका गांधी ने चांदनी चौक में आयोजित जनसभा में कहा कि 7 करोड़ लोग टैक्स भरते हैं, लेकिन देश की 135 करोड़ आबादी में से अधिकांश की कमाई इतनी नहीं कि वे टैक्स भर सकें। उन्होंने बढ़ती महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा, "पहले 100 ग्राम मक्खन 12 रुपये में मिलता था, अब देखिए दूध और बाकी चीजों के दाम कहां पहुंच गए हैं।"
मोदी-केजरीवाल पर निशाना
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "मोदी जी को जवाहरलाल नेहरू मिल गए और केजरीवाल को मोदी मिल गए, बस अपनी जिम्मेदारी टालते रहते हैं।" उन्होंने कहा कि "नेता वही होता है, जो कंधे से कंधा मिलाकर जनता की समस्याओं का हल करे।" प्रियंका गांधी ने दिल्ली की बदहाल यमुना और सीवर की समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "यहां कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। दिल्ली की सड़कें और विकास दुनिया में मिसाल बनने चाहिए थे, लेकिन राजनीति के कारण सबकुछ पिछड़ रहा है।"
दिल्ली की मिली-जुली संस्कृति का जिक्र
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनका खास नाता चांदनी चौक और आसपास के बाजारों से रहा है। उन्होंने कहा, "मैं तुर्कमान गेट जाती थी, किनारी बाजार और सदर बाजार में खरीदारी करती थी, पराठे वाली गली में पराठे भी खाए हैं।" उन्होंने बताया कि उनकी दादी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उन्हें रामलीला दिखाने ले जाती थीं, जहां सभी धर्मों के लोग हिस्सा लेते थे। "दिल्ली की संस्कृति हमेशा से मिलीजुली रही है, लेकिन अब इसे तोड़ने की राजनीति हो रही है," उन्होंने आरोप लगाया।
शीला दीक्षित के विकास कार्यों की तारीफ
प्रियंका गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल को याद करते हुए कहा, "शीला दीक्षित के कार्यकाल में दिल्ली ने तरक्की की थी। आज की सरकारों की सारी बातें खोखली निकली हैं।" उन्होंने कहा कि "भाजपा की राजनीति लोगों को धर्म के आधार पर लड़ाने की रही है। इससे आम जनता को कोई फायदा नहीं हो रहा, बल्कि केवल नेताओं को फायदा हो रहा है।" जनसभा में प्रियंका गांधी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि "दिल्ली को ऐसी सरकार चाहिए, जो विकास के लिए काम करे, न कि सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझी रहे।"