CG Budget Session 2025: छत्तीसगढ़ धान खरीदी में गड़बड़ी, 71 कर्मचारियों पर FIR और निलंबन की कार्रवाई
Chhattisgarh Paddy Procurement Irregularities : रायपुर। छत्तीसगढ़ में विभिन्न धान खरीदी केंद्रों पर गड़बड़ी होने का मुद्दा आज सदन में उठा। यह मुद्दा छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने उठाया। उन्होंने सदन में सवाल किया कि, खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन में हुई गड़बड़ी और उन पर की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी मांगी। इसके जवाब में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने लिखित रूप में जानकारी दी।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में 10 फरवरी 2025 तक समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन में कुल 46 अनियमितता के प्रकरण सामने आए हैं। इनमें धान खरीदी केंद्रों पर कर्मचारियों और अधिकारियों की लापरवाही और गड़बड़ी शामिल है। धान खरीदी अनियमितता के मामलों में कड़ी कार्रवाई की गई है।
इन प्रकरणों में 22 कर्मचारियों पर 8 एफआईआर दर्ज की गई हैं। साथ ही 5 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है वहीं 13 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है और 21 कर्मचारियों को धान खरीदी के कार्य से अलग कर दिया गया है। इसके अलावा 2 कर्मचारियों को सेवा से ही पृथक कर दिया गया है।
नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने यह भी पूछा कि पंजीकृत किसानों, धान बेचने वाले और न बेचने वाले किसानों संख्या तथा रकबा क्या है। हालांकि, इस सवाल का जवाब खाद्य मंत्री ने अभी तक नहीं दिया है। डॉ. चरण दास महंत ने मांग की है कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा करने सरकार की प्राथमिकता को बताया।