Baba Siddiqui Murder Case: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, सुजीत कुमार लुधियाना से अरेस्ट

Update: 2024-10-25 14:18 GMT

Baba Siddiqui Murder Case :  लुधियाना। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम सुजीत कुमार बताया जा रहा है जो पंजाब के लुधियाना में रहत है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि, इस मामले में अब तक गैंगस्टर लॉरेंस के 7 बदमाशों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। सुजीत कुमार ने आरोपी नितिन के खाते में पैसे डाले हैं। बता दें कि, आरोपी नितिन ने ही बाबा सिद्दीकी की रेकी की थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम और लुधियाना काउंटर इंटेलीजेंस की इनपुट्स के बाद सीआईए-2 की टीम ने आरोपी सुजीत कुमार को शुक्रवार 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, सुजीत कुमार मुंडियां के राम नगर इलाके में अपने ससुराल में आया था।

घेराबंदी कर आरोपी सुजीत को किया गिरफ्तार  

पुलिस अधिकारी ने बताया कि, आरोपी के बारे में इनपुट्स मिलने के बाद एडीसीपी अमनदीप सिंह बराड़ की अधिकारियों ने ड्यूटी लगाई थी। एडीसीपी क्राइम अमनदीप सिंह बराड़ की अगुवाई में पुलिस टीम ने आरोपी जिस जगह पर था उस एरिया की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

अब तक इतने आरोपी हुए गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने नवी मुंबई इलाके से आरोपी भगवंत सिंह को पकड़ा। पुलिस ने बताया कि भगवंत सिंह एक आरोपी के साथ हथियार लेकर उदयपुर से मुंबई गया था। वह शुरू से ही शूटर्स और साजिशकर्ताओं के संपर्क में था। 19 अक्टूबर को पांच आरोपियों को पकड़ा गया था। पुलिस ने डोंबिवली से नितिन सप्रे, पनवेल से रामफुल चंद कनौजिया, संभाजी किशोर पारधी, प्रदीप दत्तू थोम्ब्रे और चेतन पारधी को अंबरनाथ से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि ये सभी लोग मुख्य साजिशकर्ता शुभम लोनकर और मास्टरमाइंड मोहम्मद जीशान अख्तर के संपर्क में थे। ये दोनों अभी फरार हैं। कोर्ट ने सभी को 25 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है।

अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख का इनाम रखा

बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई का नाम भी सामने आया है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने अनमोल पर 10 लाख रुपए का इनाम रखा है। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक 3 संदिग्ध शूटरों ने मर्डर से पहले लॉरेंस के छोटे भाई अनमोल से बात की थी। 


Tags:    

Similar News