Dadasaheb Phalke Award: बॉलीवुड एक्टर मिथुन चक्रवर्ती को मिलेगा दादा साहेब फाल्के पुरस्कार

Update: 2024-09-30 04:39 GMT

Mithun Chakraborty will receive the Dadasaheb Phalke Award

Dadasaheb Phalke Award : बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्टर को ये सम्मान दिए जाने का ऐलान किया है। दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड मिथुन चक्रवर्ती को 8 अक्टूबर 2024 को 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान प्रेजेंट किया जाएगा। 

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव (Union Minister Ashwini Vaishnavने सोमवार को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि मिथुन दा की उल्लेखनीय सिनेमाई यात्रा पीढ़ियों को प्रेरित करती है। यह घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने महान अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके प्रतिष्ठित योगदान के लिए पुरस्कार देने का फैसला किया है। उन्होंने आगे बताया कि 8 अक्टूबर, 2024 को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।

मैंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी

दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित होने की घोषणा होने पर अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा, "मेरे पास शब्द नहीं हैं। न तो मैं हंस सकता हूं और न ही रो सकता हूं। यह इतनी बड़ी बात है...। मैंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी। मैं बेहद खुश हूं। मैं इसे अपने परिवार और दुनिया भर में अपने प्रशंसकों को समर्पित करता हूं।

पीएम मोदी ने दी बधाई

एक्टर मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार की घोषणा पर पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। पीएम ने अपने X अकाउंट पर किए पोस्ट में लिखा कि मुझे खुशी है कि मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 

मिथुन चक्रवर्ती ने 350 से ज्यादा फिल्में की

मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म इंडस्ट्री में जर्नी प्रेरणादायक रही है। उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट मूवीज दी हैं। कोलकाता में जन्में मिथुन पेशे से एक्टर, प्रोड्यूसर और पॉलिटिशियन हैं। एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने 350 से ज्यादा फिल्में की हैं। इनमें हिंदी, बंगाली, तमिल, भोजपुरी, तेलुगू, कन्नड़, पंजाबी मूवीज शामिल हैं। बता दें कि उन्होंने साल 1977 में फिल्म 'मृगया' से एक्टिंग करियर शुरू किया था। जिसमें उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला था। 

Tags:    

Similar News