Congress Manifesto 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी,महिलाओं को 2 हजार देने का वादा

Update: 2024-09-18 09:31 GMT

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी

Haryana Congress Manifesto 2024 : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में AICC मुख्यालय में पार्टी घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने इसे संकल्प पत्र नाम दिया है। इसमें महिलाओं, बुजुर्गों से लेकर युवाओं, गरीबों और किसानों पर फोकस किया गया है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 7 गारंटी दी है। इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान भी मौजूद रहे।

महिलाओं को हर महीने दो हजार

हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान ने बताया कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार 18 वर्ष से ऊपर की हर महिला को सशक्त बनाने के लिए 2000 रुपए प्रति माह देगी। 500 रुपए में एलपीजी गैस सिलेंडर। पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी। 

2 लाख नौकरियों के साथ वृद्धों को पेंशन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, हम 7 गारंटियों की घोषणा कर रहे हैं जिन्हें हम हरियाणा में सरकार बनने के बाद पूरा करेंगे... हमने अपने 7 वादों को 7 भागों में बांटा है। हम वृद्धों के लिए पेंशन, विशेष रूप से विकलांगों के लिए पेंशन और पुरानी पेंशन योजना के अनुसार विधवाओं के लिए पेंशन को पूरी तरह से लागू किया जाएगा और प्रत्येक श्रेणी को पेंशन राशि के रूप में 6000 रुपये मिलेंगे... हम युवाओं को 2 लाख स्थायी नौकरियां देंगे।

हरियाणा में कांग्रेस की ये 7 गारंटी

  • कांग्रेस ने अपने संकल्प पत्र में हर महीने महिलाओं को 2000 रुपए देने के साथ गैस सिलेंडर के लिए 500 रुपए देने का वादा किया है।
  • पेंशन के लिए 6 हजार रुपए- दिव्यांगों को, विधवाओं को 6 हजार रुपए महीने देने का वादा। इसके अलावा ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल करने की गारंटी।
  • भर्ती विधान के तहत 2 लाख पक्की नौकरियां और नशा मुक्त हरियाणा का वादा कांग्रेस ने यहां के युवाओं से किया है।
  • कांग्रेस ने अपने संकल्प पत्र में हर परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली और 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज देने का वादा किया है।
  • कांग्रेस के घोषणा पत्र में गरीबों को 100 गज का प्लॉट, 3.5 लाख रुपए की लागत से दो कमरों का मकान देने का वादा किया है।
  • हरियाणा के किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी, तत्काल फसल मुआवजा देने का वादा कांग्रेस ने दिया है।
  • कांग्रेस ने अपने संकल्प पत्र में पिछड़ों को अधिकार देने की बात कही है। पार्टी ने जातिगत सर्वे का वादा और क्रीमी लेयर की सीमा 10 लाख रुपए तक बढ़ाने का वादा किया है।

कब है हरियाणा में चुनाव

हरियाणा की 90 सीट पर मतदान 5 अक्टूबर को किया जाएगा। वहीं वोट की काउंटिंग 8 अक्टूबर को होगी। इससे पहले यहां 1 अक्टूबर को मतदान और 4 अक्टूबर को मतगणना होनी थी। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। गौरतलब है कि 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी और जेजेपी के गठबंधन ने राज्य सरकार बनाई और मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बने थे। 

Tags:    

Similar News