आखिरी के छह मिनट में गोल दाग जर्मनी ने भारत के गोल्ड का सपना तोड़ा, अब ब्रांज के लिए स्पेन से होगी लड़ाई

भारत हॉकी में 8 गोल्ड, 1 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज समेत 12 पदक जीत चुका है जिसमें गुरुवार को इजाफा करना होगा।

Update: 2024-08-06 21:46 GMT

पेरिस ओलंपिक में भारत और जर्मनी पुरुष हॉकी टीम के बीच रोमाचंक सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। पहले तीन क्वार्टर में मैच बराबरी पर था लेकिन आखिरी के छह मिनट में जर्मनी ने गोल दागकर भारत को पराजित कर दिया। इसी के साथ भारतीय हॉकी टीम का 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतने का सपना भी चखनाचूर हो गया। हालांकि अभी भी भारत के पास हॉकी में कांस्य पदक जीतने का मौका है। 8 अगस्त को भारतीय हॉकी टीम कांस्य पदक के लिए स्पेन से लड़ेगी।

कुछ ऐसे घटा मैच

मैच की शुरुआत में भारत में गोल कर बढ़त बनाई लेकिन दूसरे क्वार्टर में जर्मनी ने दो गोल दागकर बढ़त को पलट दिया। फिर तीसरे क्वार्टर में 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग स्कोर 2-2 से बराबर किया। अब आखिरी के छह मिनट बाकी थे तब भी स्कोर 2- 2 ही था लेकिन तभी मार्को मिल्टकाउ ने 54वें मिनट में गोल दागा और जर्मनी को भारत पर 3-2 की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय दिग्गज वापसी नही कर सके। अंतिम मिनटों में गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने खुद बाहर जाने की इच्छा जताई ताकि सब्स्टिट्यूट प्लेयर के तौर पर 12वां खिलाड़ी मैदान में उतार सके, इसके बावजूद भारत की सभी कोशिशें नाकाम रहीं।

और बढ़ा स्वर्ण लाने का इंतजार

इसी के साथ जर्मनी ने भारती हॉकी टीम का 44 साल बाद ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का सपना भी तोड़ दिया। भारतीय टीम ने आखिरी बार 1980 में मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। टोक्यो में खेले गए ओलंपिक में भी भारत ने जर्मनी को हराकर ही कांस्य पदक अपने नाम किया था। बता दें भारत के ओलंपिक्स में सबसे ज्यादा मेडल राष्ट्रीय खेल हॉकी से ही आए हैं। भारत हॉकी में 8 गोल्ड, 1 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज समेत 12 पदक जीत चुका है जिसमें गुरुवार को इजाफा करना होगा।

Tags:    

Similar News