Mayawati: दोबारा बीएसपी की अध्यक्ष चुनी जाएंगी मायावती, 27 अगस्त को होगी BSP की अहम बैठक

Update: 2024-08-26 04:44 GMT

दोबारा बीएसपी की अध्यक्ष चुनी जाएंगी मायावती

Mayawati Will Be Re-Elected As BSP President : लखनऊ, उत्तरप्रदेश। बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई है। इसमे बसपा प्रमुख मायावती का एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। हर पांच साल पर सितंबर में बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अध्यक्ष का चुनाव किया जाता है।

मायावती 18 सितंबर 2003 से लगातार सर्वसम्मति से बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी जा रही है। इससे पहले 2019 में बसपा के अध्यक्ष का चुनाव हुआ था।

चुनाव तैयारियो पर होगा मंथन:

मंगलवार को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के साथ ही यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों पर भी मंथन होगा। बैठक में चुनाव प्रचार की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर आकाश आनंद इस बैठक के बाद चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे। बसपा उत्तरप्रदेश में छह सीटों पर बतौर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी प्रत्याशियों के नाम तय कर चुकी है। इन सीटों पर चल रही तैयारी के साथ बची सीटों पर प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा होगी। लोकसभा चुनाव में एक भी सीट न जीत पाने के कारण बसपा के लिए विधानसभा का उप चुनाव अस्मिता का सवाल बन गया है। उप चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर बसपा अपने सिर से भाजपा की 'बी' टीम का टैग भी हटाना चाहती है।

गठबंधन की संभावना पर विचार :

बसपा ने हरियाणा में इनेलो के साथ गठबंधन किया है। महाराष्ट्र में भी किसी स्थानीय पार्टी से गठबंधन की संभावनाओं पर बैठक में चर्चा होगी। वहीं बसपा ने सपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन से इंकार कर दिया था। मायावती ने कहा था कि, सपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन का कोई विचार ही नहीं है। 

Tags:    

Similar News