Haryana CM: नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार ली हरियाणा के सीएम के रूप में शपथ, कैबिनेट में दिखी 36 बिरादरी की छाप

Update: 2024-10-17 07:59 GMT

Haryana CM : पंचकूला में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का शपथ ग्रहण समारोह हो गया है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और अन्य सीएम, डिप्टी सीएम, केंद्रीय मंत्री, एनडीए नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए सरकार के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और नेताओं को बुलाकर भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। नायब सिंह सैनी के साथ कई अन्य विधायकों ने कैबिनेट और राज्य मंत्रियों की शपथ ली।

नायब सिंह सैनी ने लगातार दूसरी बार हरियाणा के सीएम के रूप में शपथ ली। उनके बाद भाजपा विधायक अनिल विज ने हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। अनिल विज के बाद भाजपा विधायक कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा और विपुल गोयल ने हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। उनके बाद अरविन्द कुमार, श्याम सिंह राणा और रणबीर गांगवा ने भी कैबिनेट में मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। कृष्ण कुमार बेदी ने भी मंत्री के रूप में शपथ ले ली है।

हरियाणा कैबिनेट का जातीय समीकरण :

ओबीसी नेता - नायब सिंह सैनी, आरती राव, राव नवबीर सिंह, रणबीर सिंह गंगवा, राजेश नागर

पंजाबी - अनिल विज

राजपूत - श्याम सिंह राणा

बनिया - विपुल गोयल

दलित - कृष्ण लाल पंवार, कृष्ण कुमार बेदी

जाट - श्रुति चौधरी, महिपाल ढांडा

जानिए शपथ लेने वाले मंत्रियों की पूरी प्रोफ़ाइल :

कृष्ण कुमार बेदी :

भाजपा में प्रमुख दलित चेहरा कृष्ण कुमार बेदी नरवाना सीट से विधायक हैं। ये मनोहरलाल खट्टर के पूर्व पोलिटिकल सेकेट्री रह चुके हैं। साल 2014 में पहली बार कृष्ण कुमार बेदी को राज्यमंत्री बनाया गया था।

श्रुति चौधरी :

कांग्रेस की टिकट पर भिवानी लोकसभा सीट से सांसद रहीं श्रुति चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली है। वे किरण चौधरी की बेटी और पूर्व मुख्यमंत्री बंशीलाल की पौत्री हैं। जाट समुदाय से आने वाली श्रुति चौधरी ने अंग्रेजी में शपथ ली है।

आरती राव :

हरियाणा सरकार में आरती राव को भी शामिल किया गया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव पहली बार विधायक चुनी गईं हैं। अहीर समुदाय से आने वाली आरती राव को पहली बार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है।

राजेश नागर :

फरीदाबाद की तिगांव सीट से विधायक राजेश नागर ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली है। राजेश नागर एक प्रमुख ओबीसी चेहरा हैं। राजेश नागर दूसरी बार विधायक बने हैं।

गौरव गौतम :

पलवल विधानसभा सीट से विधायक और भाजपा के युवा ब्राह्मण नेता गौरव गौतम ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है। गौरव गौतम केंद्रीय मंत्री कृष्ण सिंह गुर्जर के करीबी हैं। पलवल से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कारण सिंह दलाल को हराया था।

रणबीर गंगवा :

हरियाणा बरवाला सीट से भाजपा विधायक रणबीर गंगवा डिप्टी स्पीकर रह चुके हैं। उन्होंने आज मंत्री पद की शपथ ली है। रणबीर गंगवा तीन बार विधायक रह चुके हैं।

श्याम सिंह राणा :

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले श्याम सिंह राणा अहम राजपूत चेहरा हैं। वे 2014 में भाजपा की ओर से विधायक बने थे। इसके बाद 2019 में बीजेपी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। 2020 में किसान कानून से नाराज होकर वे बीजेपी से अलग हो गए थे। इस समय वे रादौर सीट से विधायक हैं।

अरविन्द कुमार :

गोहाना सीट से विधायक अरविन्द कुमार शर्मा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। 2014 में उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। वे चार बार सांसद भी रह चुके हैं। पेशे से डेंटल सर्जन अरविंद शर्मा हरियाणाबी भाजपा में बड़ा ब्राह्मण चेहरा हैं।

विपुल गोयल :

फरीदाबाद सीट से विधायक विपुल गोयल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। वैश्य समुदाय से आने वाले विपुल गोयल दो बार के विधायक हैं। 2016 में खट्टर सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया था। 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी ने टिकट नहीं दिया था।

महिपाल ढांडा :

जाट समुदाय से आने वाले महिपाल ढांडा ने कैबिनेट मंत्री के रुप में शपथ ली है। वे पानीपत ग्रामीण सीट से विधायक हैं। तीन बार के विधायक महिपाल हरियाणा सरकार में पंचायत व सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संभाल चुके हैं।

राव नवबीर सिंह :

गुरुग्राम से सटी बादशाहपुर सीट से विधायक राव नवबीर सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। चार बार के विधायक राव नवबीर सिंह खट्टर सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। राव नवबीर सिंह यादव समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।

किशन लाल पंवार:

इसराना सीट से विधायक किशन लाल पंवार ने अनिल विज के बाद शपथ ली। वे छठवीं बार विधायक बने हैं। मनोहर लाल खट्टर की सरकार में उन्होंने परिवहन, आवास और जेल मंत्रालय संभाला था।

अनिल विज :

सात बार के विधायक अनिल विज ने नायब सिंह सैनी के बाद शपथ ली। वे पंजाबी बिरादरी से आते हैं। संघ से भी उनका गहरा नाता रहा है। अंबाला कैंट से विधायक अनिल विज खट्टर सरकार में स्वास्थ और गृह मंत्रालय संभाल चुके हैं।

Tags:    

Similar News