हाथरस भगदड़ के पीड़ित परिवारों से मिलने अलीगढ़ पहुंचे राहुल गांधी, परिजनों को बंधाया ढाढस

कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हाथरस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने अलीगढ़ पहुंचे।

Update: 2024-07-05 03:28 GMT

कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हाथरस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने अलीगढ़ पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों के सदस्यों को ढाढस बंधाया और हिम्मत दी। शुक्रवार सुबह राहुल गांधी अलीगढ़ के पिलखना गांव पहुंचे थे जहां पर वो उन परिवार से मिले जिन्होंने हाथरस के भगदड़ में अपने परिवार के लोगों को खोया है। जानकारी के मुताबिक पिलखना में उन्होंने प्रेमवती और शांति देवी के बेटों से मुलाकात की। इसके साथ भगदड़ में घायल होने वाले दो परिवार भी मौजूद थे।

जिन लोगों ने राहुल गांधी ने मुलाकात की उनमें से एक महिला ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि राहुल गांधी ने मदद करने का भरोसा दिया है। उन्होंने पार्टी से मदद कराने की बात कही है। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अलीगढ़ से सीधे हाथरस जाएंगे। जहां वो तीन पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। वो मृतक मुन्नी देवा और आशा देवी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे उसके बाद घायल माया देवी के परिजनों से भी मिलेंगे। राहुल गांधी वहीं मीडिया से चर्चा भी करेंगे।

बता दें हाथरस में एक सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई थी जिसमें करीब 121 लोगों ने जान गवांई। मरने वालों में महिलाएं और बच्चें ज्यादा हैं। यह सत्संग नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा का था, जो कि घटना के बाद से ही गायब है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा-105, 110, 126(2), 223 और 238 के अंतर्गत मामला दर्ज़ किया गया है। अब तक 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर पर 1 लाख का इनाम रखा गया है। हादसे के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ भी पीडितों से मिलने पहुंचे थे।

Tags:    

Similar News